ABC News: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों को धन्यवाद दिया है. रोहित और कोहली का यह संभवत: आखिरी ऑस्ट्रेलियाई दौरा है क्योंकि अगले दो वर्षों तक भारत का इस देश में कोई वनडे दौरान निर्धारित नहीं है. यह दोनों खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम पड़ाव में चल रहे हैं. मैच के बाद Ro-Ko ने ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों को धन्यवाद दिया.

मैच के बाद रोहित और कोहली ने एडम गिलक्रिस्ट और रवि शास्त्री के साथ विशेष बातचीत की. रोहित ने कहा, ऑस्ट्रेलिया आना और यहां खेलना हमेशा अच्छा लगता है. मेरी 2008 की यादें अभी भी ताजा हैं. पता नहीं हम ऑस्ट्रेलिया वापस आएंगे या नहीं. हम चाहे कितनी भी उपलब्धियां हासिल कर लें, हम अपने क्रिकेट का आनंद लेते हैं। हमने पर्थ में एक नई शुरुआत की थी. कोहली ने कहा, खेल आपको इस मोड़ पर भी कुछ न कुछ सिखाता है. जब चीजें आपके हिसाब से नहीं चल रही हों तो यह बहुत चुनौतीपूर्ण होता है. बीच के हालात मुझे और भी बेहतर बना देते हैं. रोहित के साथ बल्लेबाजी करना आसान था और खुशी है कि यह मैच-फिनिशिंग साझेदारी रही. शुरुआत से ही हम खेल को अच्छी तरह समझ रहे थे. इसी तरह आप सफल होते हैं. उस जमाने में भी, हमें लगता था कि हम विरोधी टीम से मैच छीन सकते हैं. इसकी शुरुआत 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे मैचों में हुई थी. वे भी जानते हैं कि अगर हम साथ मिलकर 20 ओवर बल्लेबाजी करते हैं तो मैच पक्का हो जाता है. हमें इस देश में आकर बहुत अच्छा लगा, हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. आप लोग (दर्शक) शानदार हैं.

सिडनी में दिखा रोहित-कोहली का जलवा
रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार साझेदारी की मदद से भारत ने तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.4 ओवर में 236 रन बनाए. जवाब में रोहित शर्मा ने शतक लगाया और कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की साझेदारी हुई जिसके दम पर भारत ने 38.3 ओवर में एक विकेट पर 237 रन बनाकर मैच जीता. ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि, तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की.
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोका. लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई. इसे जोश हेजलवुड ने गिल को आउट कर तोड़ा. इसके बाद रोहित और कोहली की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली. यह दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और नाबाद रहते हुए पवेलियन लौटे.

