ABC News: ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे में भारत ए की टीम कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पायी. एशिया कप फाइनल के हीरो रहे तिलक वर्मा और रियान पराग की पारी को छोड़ दें तो इंडिया ए टीम का कोई भी बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका. इससे पहले ग्रीनपार्क में दूसरे एक दिवसीय मैच में भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया.

इस मैच में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और अन्य खिलाड़ियों के आने से पिछले मैच के शतकवीर बल्लेबाज प्रियांश आर्या को अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया. हालांकि, टॉस जीतकर पहले बैटिंग का निर्णय इंडिया ए को रास नहीं आया और महज 5.3 ओवर में 17 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए. जिसमें एशिया कप के हीरो रहे अभिषेक शर्मा शून्य पर ही आउट हो गए, इसके अलावा प्रभसिमरन एक रन और कप्तान श्रेयस अय्यर आठ रन पर आउट हो गए. इसके बाद इंडिया ए की पारी को तिलक वर्मा और रियान पराग ने संभाला. दोनों के बीच 101 रनों की साझेदारी रियान पराग के आउट होते ही टूटी.

अपनी पारी में रियान पराग ने शानदार फिफ्टी जड़ते हुए 58 रन बनाए. इसके बाद आए बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं करते बने, हर्षित राणा ने तेज तर्रार 21 रन और रवि विश्नोई ने 26 रनों का योगदान दिया. इंडिया ए टीम की तरफ से एशिया कप फाइनल के हीरो रहे तिलक वर्मा ने शानदान 64 रन बनाए. अपनी पारी में तिलक वर्मा ने पांच चौके और चार छक्के लगाए. तिलक वर्मा भारत ए की तरफ से अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए. इंडिया ए ने अपनी पारी में 246 रनों का स्कोर खड़ा किया है. वहीं आस्ट्रेलिया की तरफ से जैक एडवर्ड्स ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए.

