ABC News: कानपुर में तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की टीमों का आगमन हो गया है. शनिवार शाम को होटल लैंडमार्क पहुंची दोनों टीमों का यहां पर परंपरागत रूप से स्वागत किया गया. इस दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने यहां पर लॉबी में कुछ समय बिताया और इसके बाद सभी अपने अपने रूम्स में चले गए.

आपको बता दें कि भारत ए टीम की कप्तान श्रेयस अय्यर को दी गई है. रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक लेने वाले श्रेयस अय्यर से उम्मीद है कि ग्रीनपार्क की पिच पर वह अपने जौहर दिखाएंगे. इसके अलावा अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा पर भी सभी की नजरें लगी हैं.

हालांकि, एशिया कप में अभिषेक शर्मा को हुई इंजरी के बाद अभी उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. ग्रीनपार्क में भी सीरीज को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं, कल से दोनों टीमें यहां पर प्रैक्टिस करेंगी.

एडीएम सिटी ने ग्रीनपार्क का लिया जायजा
ग्रीनपार्क में होने वाली भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज को लेकर इस बार यूपीसीए किसी तरह की कोताही के मूड में नहीं है. हालांकि, मैच के दौरान बारिश का तो साया नहीं है लेकिन यूपीसीए यहां पर एक्सट्रा सुपर सॉपर मंगा रहा है. इसके अलावा फ्लड लाइट में आयी तकनीकी कमियों को भी दूर किया जा रहा है. जिससे मैच के दौरान किसी तरह की गलती की गुंजाईश न रहे. इसको लेकर एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने यूपीसीए के वेन्यू डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर के साथ ग्रीनपार्क का जायजा लिया.

यहां पर पानी निकासी की समस्या दिखाई देने पर जलकल विभाग को इसका निस्तारण करने को कहा गया. नगर निगम अफसरों केा ग्रीनपार्क से लेकर होटल तक हर तरफ साफ सफाई बेहतर करने को कहा गया. इसके अलावा नगर निगम ओर लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरेंगे, जिससे यहां पर आने वाली टीम से लेकर दर्शकों को किसी तरह की दिक्कत न आने पाए. कल से दोनों टीमेें यहां पर प्रैक्टिस भी करेंगी. इसको लेकर यूपीसीए पदाधिकारियों का कहना है कि ग्रीनपार्क में सभी को बेहतर मैच देखने केा मिलेगा.

