ABC News: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नई सियासी और सैन्य हलचल तेज हो गई है. ईरान ने साफ कर दिया है कि वह इस अहम समुद्री रास्ते को पूरी तरह बंद नहीं करेगा, लेकिन दुश्मन देशों के लिए इसे सीमित कर सकता है. हालांकि ट्रंप ने इस होर्मुज के रास्ते को खोलने के लिए चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद ईरान ने अपने दुश्मन देशों के लिए होर्मुज का रास्ता खोलने से इनकार कर दिया.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान का कहना है कि वह इस रास्ते को पूरी तरह बंद नहीं रखना चाहता. अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन में ईरान के प्रतिनिधि अली मौसावी ने रविवार को कहा कि ‘दुश्मन देशों’ के जहाजों को छोड़कर बाकी सबके लिए यह रास्ता खुला है. यहां दुश्मन से उनका सीधा मतलब अमेरिका और इजरायल से है. ईरान ने कहा है कि अगर कोई जहाज उनके सुरक्षा नियमों का पालन करता है और उसका ताल्लुक उनके दुश्मनों से नहीं है, तो उसे गुजरने में कोई दिक्कत नहीं होगी. ईरान के प्रतिनिधि अली मौसवी ने कहा है कि विदेशी जहाज होर्मुज से गुजर सकते हैं, लेकिन उन्हें ईरान के साथ समन्वय करना होगा. उनका कहना है कि मौजूदा तनाव की जड़ अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई है, जिससे खाड़ी क्षेत्र में हालात बिगड़े हैं.
क्या है ईरान की नई रणनीति?
ईरान ने अपने बयान में दोहरा संदेश दिया है. एक तरफ वह कह रहा है कि समुद्री रास्ता पूरी तरह बंद नहीं होगा, ताकि वैश्विक व्यापार प्रभावित न हो. दूसरी तरफ उसने साफ कर दिया है कि दुश्मन देशों के जहाजों को रोकने का अधिकार वह अपने पास रखता है. इससे संकेत मिलता है कि ईरान होर्मुज को एक रणनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है.
ट्रंप की चेतावनी का क्या असर पड़ा?
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि अगर होर्मुज पूरी तरह नहीं खोला गया तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमला कर सकता है. इस सख्त रुख के बाद भी ईरान की रणनीति में कोई बदलाव नहीं आया. दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है.

