ABC News: कानपुर में एक और हिट एंड रन का मामला सामने आया है. किदवईनगर थानाक्षेत्र में बीएमडब्ल्यू और इनोवा कारों की रेसिंग में बाइक सवार युवक की जान चली गई. बताया जा रहा है कि देर रात दोनों कार आपस में रेस लगा रही थीं और इस दौरान उनकी रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की थी.
बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार उसे 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गई. हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. उसकी बाइक के भी परखच्चे उड़ गए. संजय वन चौकी के पास हुई इस घटना से हड़कंप मच गया. पुलिस ने मृत युवक की पहचान किदवई नगर एच ब्लॉक निवासी नवीन गुप्ता के रूप में की. बताया जा रहा है कि देर रात बीएमडब्लू और इनोवा कार किदवईनगर स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज की तरफ से तेज रफ्तार से मुड़ीं.
यहीं पर एक गेस्ट हाउस से आगे बढ़ते ही सामने से आ रहे बाइक सवार को इनोवा ने टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक हवा में उछला और गिरने के बाद 10 मीटर घिसटते हुए सड़क किनारे खड़ी कार से टकराया गया. इससे कार में सो रहा चालक भी धमाके की आवाज सुनते ही उठ गया. उसने देखा कि बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार चालक भाग रहे थे. सड़क पर बाइक सवार युवक खून से लथपथ पड़ा था. हादसे के बाद इनोवा कार की नंबर प्लेट और बंपर वहीं पर टूटकर गिर गया.
मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करते हुए इसी के जरिए आरोपी तक पहुंची. पुलिस ने कार की नंबर प्लेट के आधार पर जब इनोवा मालिक को बुलाया तो उन्होंने बताया कि कार उसका ड्राइवर आयुष मिश्रा चला रहा था, जो यशोदानगर में रहता है. उन्होंने बताया कि कार वही ले जाता था,, इसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया.

