ABC News: बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में चार हिंदुओं की हत्या के बाद अब एक हिंदू विधवा महिला के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. घटना झेनैदाह जिले के कालिगंज में नादिपारा इलाके में हुई. आरोप है कि यहां के दो स्थानीय बदमाशों ने 40 वर्षीय हिंदू विधवा महिला के साथ पहले बलात्कार किया और फिर उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस में अपनी शिकायत में महिला ने कहा कि उसने ढाई साल पहले कालीगंज म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 7 में शाहीन और उसके भाई से 20 लाख टका में तीन डेसिमल जमीन और एक दो मंजिला घर खरीदा था. उसके बाद, शाहीन ने महिला को गंदे प्रपोजल देने शुरू कर दिए और मना करने पर उसे परेशान करना शुरू कर दिया. शनिवार शाम को, जब विधवा के गांव से दो रिश्तेदार आए हुए थे. उसी वक्त शाहीन और उसका साथी हसन उसके घर में घुस आए और उसके साथ रेप किया. फिर उन्होंने उससे 50,000 टका (करीब Rs 37,000) मांगे. जब पैसे देने से मना कर दिया, तो उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मारपीट की और उन्हें भगा दिया. जब महिला चिल्लाने लगी, तो उन्होंने उसे एक पेड़ से बांधा और उसके बाल काट दिए. इसका उन्होंने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. उन्होंने विधवा को भी टॉर्चर किया और फिर वह बेहोश हो गई. आस-पास के लोगों ने उसे बचाया और उसे जेनेदाह सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. पहले महिला ने डॉक्टरों को कुछ नहीं बताया. बाद में, मेडिकल जांच से उन्हें पता चला कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है. इसके बाद महिला ने शाहीन और हसन का नाम लेते हुए कालीगंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
