ABC News: जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम और ट्रैकों की मरम्मत कार्य के चलते पवित्र अमरनाथ यात्रा को दोनों प्रमुख पहलगाम और बालटाल रूट को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में भी काफी कमी आई है.

वहीं, आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया. ऐसे में एहतियातन यात्रा रोक दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से किसी भी नए जत्थे को कश्मीर घाटी के लिए जाने की अनुमति नहीं दी गई. उन्होंने बताया कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. गौरतलब हो कि इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा का समापन 28 अगस्त 2026 को पवित्र ‘छड़ी मुबारक’ के पूजन और आगमन के साथ होगा. यह यात्रा अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी. अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं. हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग के कुछ संवेदनशील हिस्सों में ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस हुई है. इन हिस्सों को सुरक्षित बनाने का काम सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से किया जा रहा है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में खराब मौसम की संभावना भी जताई है. इन परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 9 अगस्त 2026 से चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा स्थगित रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की स्थिति और मौसम को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. वहीं, यात्रा की धार्मिक परंपरा के अनुसार छड़ी मुबारक अपने पारंपरिक पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ेगी और 28 अगस्त को पवित्र गुफा में पहुंचने के साथ यात्रा का औपचारिक समापन होगा.

