ABC News: होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है. ईरान ने सामरिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा अपने नियंत्रण में लेकर तुरंत बंद कर दिया है. इसके साथ ही खाड़ी में युद्ध जैसे हालात बनने लगे हैं. हैं. नाकेबंदी के चलते समुद्र में जहाजों की लंबी कतारें लग गई हैं, जबकि वहां से गुजर रहे दो जहाजों पर गोलीबारी की गई है. इसमें एक भारतीय जहाज भी शामिल है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की ओर से कथित गोलीबारी के बाद भारतीय जहाजों को अपना रास्ता बदलकर लौटना पड़ा. यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ ही दिन पहले इस अहम समुद्री मार्ग को अस्थायी रूप से खोला गया था. इस पूरे घटनाक्रम ने वैश्विक तेल सप्लाई, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है. रिपोर्ट्स में शिपिंग मॉनिटर ‘टैंकरट्रैकर्स’ और यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक बताया गया कि शनिवार को जब भारतीय सुपरटैंकर करीब 20 लाख बैरल इराकी तेल लेकर गुजरने की कोशिश कर रहा था, तब ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की दो गनबोटों ने फायरिंग शुरू कर दी.

हालांकि, राहत की बात यह है कि जहाज और उसका चालक दल सुरक्षित है, लेकिन जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा.ईरान ने घोषणा की है कि अमेरिका द्वारा वादों को पूरा न करने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह बंद कर दिया गया है. ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अब किसी भी देश का जहाज उनकी अनुमति के बिना यहां से नहीं गुजर पाएगा. ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने कहा है कि जब तक उनके बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी जारी रहेगी, तब तक यह रास्ता बंद रहेगा.
क्यों बढ़ा अचानक तनाव?
हाल ही में इजरायल-हिजबुल्लाह संघर्ष के बीच युद्धविराम के बाद शांति की उम्मीद जगी थी. ईरान के विदेश मंत्री ने जलडमरूमध्य खोलने के संकेत भी दिए थे. लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा व्यापक समझौते की चेतावनी और वाशिंगटन के साथ बढ़ते मतभेदों ने स्थिति को फिर से विस्फोटक बना दिया है. ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने भी दो टूक कहा है कि उनकी नौसेना विरोधियों को ‘करारी हार’ देने के लिए तैयार है.

