ABC News: फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले आखिरी वॉर्म-अप मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की. चोट से उबरने के बाद मैदान पर लौटे लियोनेल मेसी भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने एक गोल किया. अर्जेंटीना की 3-0 की शानदार जीत के बाद मेसी ने कहा कि वह अब पूरी तरह बेहतर महसूस कर रहे हैं और मैदान पर लौटकर काफी खुश हैं.

अलबामा के जॉर्डन-हेयर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेसी को 70वें मिनट में मैदान पर उतारा गया. मैदान पर आते ही उन्होंने प्रभाव छोड़ा और 72वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी. मैच के बाद मेसी ने टीवाईसी स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ‘मैं शुरुआत से ही इसका आनंद ले रहा हूं. जब से मैं टीम के साथ जुड़ा था, तब से खेलने के लिए उत्सुक था क्योंकि मुझे कुछ शारीरिक परेशानी थी. अब मैं खुश हूं, हर पल का आनंद ले रहा हूं और हमेशा की तरह उत्साहित हूं.

मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं. मैं मैदान पर उतरकर उन आशंकाओं को पीछे छोड़ना चाहता था जो चोट या असहजता के दौरान मन में रहती हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे पास उद्घाटन मैच से पहले एक सप्ताह का समय है, जिसमें सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट और तैयार हो जाएंगे.’ आइसलैंड के खिलाफ जीत के बाद मेसी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मैच की कई तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा, ‘आइए, पहले से भी ज्यादा करीब होकर आगे बढ़ें.’

मुकाबले की शुरुआत में आइसलैंड ने अर्जेंटीना को चौंकाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती मौके को भुनाने में नाकाम रही. इसके बाद विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया. 8वें मिनट में वेलेंटिन बार्को ने शानदार लंबी दूरी के गोल से अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई. 72वें मिनट में मेसी ने पेनल्टी पर गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. 86वें मिनट में थियागो अल्माडा ने तीसरा गोल दागकर अर्जेंटीना की 3-0 की जीत सुनिश्चित कर दी. मेसी, लाउटारो मार्टिनेज और अल्माडा की शानदार साझेदारी ने आइसलैंड की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह बेअसर कर दिया.

