ABC News: फीफा विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गया है. इस वैश्विक टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में कौन सी चार टीमें आपस में भिड़ेेंगी यह तय हो गया है. इसी के साथ इस बार के फुटबॉल विश्वकप मेें एक ऐसा रिकॉर्ड बना है, जो पिछले 96 वर्षों के विश्व कप इतिहास में कभी नहीं बना था. पहली बार फीफा रैंकिंग की शीर्ष चार टीमें- फ्रांस (नंबर-1), अर्जेंटीना (नंबर-2), स्पेन (नंबर-3) और इंग्लैंड (नंबर-4) एक साथ अंतिम चार में पहुंची हैं.

गौरतलब हो कि फीफा ने जब प्रतियोगिता का ‘मैच ड्रॉ’ सार्वजनिक किया था, तभी विश्व वरीयता की शीर्ष चार टीमों– फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड को समूह चरण में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए अपनी यात्रा आगे बढ़ाने पर सेमीफाइनल में ही एक-दूसरे से भिड़ने के लिए अलग-अलग ‘पॉट’ में रखा था. चारों टीमों ने समूह चरण में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए नॉकआउट चरण के अपने मैच भी जीत लिए, जिससे फीफा की प्रारंभिक योजना वास्तविकता में बदल गई है. क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से, स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से, इंग्लैंड ने अतिरिक्त समय में नॉर्वे को 2-1 से और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया.

अब विश्व फुटबॉल की चार सबसे मजबूत टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी. सेमीफाइनल में पहुंची चार टीमों में से तीन टीमें यूरोपीय हैं, जबकि अर्जेंटीना दक्षिण अमेरिकी देश है. 1930 में विश्व कप की शुरुआत के बाद यह पहली बार है जब फीफा रैंकिंग की शीर्ष चार टीमें एक साथ सेमीफाइनल में पहुंची हैं. आमतौर पर विश्व कप में किसी न किसी दिग्गज टीम को उलटफेर का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस बार सभी शीर्ष दावेदारों ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है.

गौरतलब हो कि फीफा ने आधिकारिक तौर पर ‘मेंस वर्ल्ड रैंकिंग’ की शुरुआत साल 1992 में की थी. रैंकिंग सिस्टम लागू होने के बाद से पिछले 8 विश्व कप (1994 से 2022) में कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि शीर्ष की चारों टीमें सेमीफाइनल का सफर तय कर सकी हों. हर बार कोई न कोई बड़ी टीम ग्रुप स्टेज या नॉकआउट में उलटफेर का शिकार हो जाती थी (जैसे 2022 में नंबर 2 बेल्जियम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी). उत्तरी अमेरिका में हो रहे इस विश्व कप में फ्रांस (नंबर 1), अर्जेंटीना (नंबर 2), स्पेन (नंबर 3), और इंग्लैंड (नंबर 4) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर यह अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया है.

फीफा के नए नियम की वजह से हुआ संभव?
इस बार टॉप-4 टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के पीछे फीफा द्वारा टूर्नामेंट के ड्रॉ में किया गया एक बड़ा बदलाव भी जिम्मेदार है-
क्वाड्रेंट सेपरेशन: फीफा ने 2026 विश्व कप के लिए नियमों में बदलाव करते हुए शीर्ष 4 सीडेड टीमों को अलग-अलग क्वाड्रेंट (हिस्सों) में रखा था.
शर्त और परिणाम: शर्त यह थी कि इन टीमों को अपने-अपने ग्रुप में टॉप करना होगा. इन चारों दिग्गजों ने अपने ग्रुप जीते, जिसके कारण ये सेमीफाइनल से पहले एक-दूसरे से नहीं टकराईं और सभी ने अंतिम-4 में जगह बना ली.
खेल समीक्षकों का मानना है कि जहां यह विश्व कप शुरुआत में बेहद रोमांचक था, वहीं टॉप-4 टीमों के आ जाने से अब यह टूर्नामेंट अपने इतिहास के सबसे प्रेडिक्टेबल (अनुमानित), लेकिन सबसे हाई-क्वालिटी वाले दौर में पहुंच गया है.

