ABC News: भारतीय सेना ने एक बार फिर आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया. श्रीनगर के हरवान इलाके में जारी मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. आतंकियों के खिलाफ इस कार्रवाई को ऑपरेशन महादेव नाम दिया गया है. माना जा रहा है कि इस ऑपरेशन में जिन आतंकियों को ढेर किया गया है, उनका संबंध पहलगाम में हुए आतंकी हमले से है. सेना की ‘चिनार कॉर्प्स’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए भी इसकी जानकारी शेयर की. पहलगाम में हुए हमले के बाद भारतीय सेना ने अभी तक कई आतंकियों को मार गिराया है.
OP MAHADEV – Update
— Chinar Corps🍁 – Indian Army (@ChinarcorpsIA) July 28, 2025
Three terrorist have been neutralised in an intense firefight. Operation Continues.#Kashmir@adgpi@NorthernComd_IA pic.twitter.com/5LToapGKuf
सेना की तरफ से कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा था. यहां आतंकियों के छिपे होने की आशंका थी. इसी सिलसिले में सेना ने ‘ऑपरेशन महादेव’ चलाया. मारे गए आतंकी पहलगाम हमले से जुड़े हैं या नहीं, इसको लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. हालांकि सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि ये आतंकी लश्कर से जुड़े हो सकते हैं.

महादेव पहाड़ी पर सेना ने अपना एक कैंप बना रखा है, जिसके जरिए इस इलाके की गतिविधि पर नजर रखी जाती है. यहां आतंकी मूसा का मूवमेंट काफी समय पहले देखा गया था. इसी वजह से सर्च ऑपरेशन चल रहा था. सेना के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस भी ऑपरेशन में शामिल रही. सेना ने जिन आतंकियों को ढेर किया है, उनके पास से भारी मात्रा में हथियार मिले हैं.

अहम बात यह भी है कि सेना और आतंकियों के बीच जिस जगह पर मुठभेड़ हुई, वह पहाड़ी पर स्थित है. वहां पैदल ही पहुंचा जा सकता है. आतंकियों ने महादेव पहाड़ी के इलाके में टेंट बना लिया था और इसी जगह पर रह रहे थे. फिलहाल सेना इस बात का पता लगा रही है कि ये आतंकी कहां से आए थे और किस संगठन से जुड़े थे.

