ABC News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए. लखनऊ एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. बताया जा रहा है कि केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी जा रहे थे कि तभी उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी दिक्कत आने की वजह से धुआं भर गया.

इसके बाद तत्काल हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. घटना में केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं. डिप्टी सीएम को सुबह करीब 11:30 बजे कौशाम्बी पहुंचना था, जहां पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित थी. इसके अलावा उन्हें विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करना था. वह ला-माटीनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण हेलीकॉप्टर में धुआं फैलने लगा. पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई. समय रहते हेलीकॉप्टर को उतार लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया.

