ABC News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक एलन मस्क ने यूजर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. मस्क ने प्लेटफॉर्म पर नया $1 टिपिंग फीचर लाने की घोषणा की है. इस नए फीचर की मदद से कोई भी यूजर सिर्फ पोस्ट पसंद आते ही ‘लाइक’ (Like) बटन को लॉन्ग-प्रेस करके किसी दूसरे यूजर को सीधे 1 डॉलर भेज सकेगा. यह अपडेट प्लेटफॉर्म को डिजिटल पेमेंट के मामले में और ज्यादा एडवांस बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इससे सोशल मीडिया पर पैसा ट्रांसफर करना और आसान हो गया है. हालांकि, कंपनी ने अभी इस फीचर के लॉन्च की तारीख और इस्तेमाल की शर्तों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
We’re adding long press on like to send someone $1 via 𝕏 Money
— Elon Musk (@elonmusk) October 25, 2026
एलन मस्क ने रविवार को एक्स पर इस फीचर की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यूजर लाइक बटन को लॉन्ग प्रेस करके एक्स मनी के जरिए किसी दूसरे यूजर को एक डॉलर भेज सकेंगे. आमतौर पर जब यूजर को कोई पोस्ट पसंद आती है, तो यूजर लाइक बटन पर टैप करता है, लेकिन एलन मस्क का कहना है कि प्रस्तावित फीचर में इसी बटन को कुछ देर दबाकर रखने से भुगतान का विकल्प काम करेगा. इसके जरिए पोस्ट के लेखक को सीधे एक डॉलर भेजा जा सकेगा. मस्क ने एक्स पर लिखा कि हम ‘लाइक’ बटन को लॉन्ग प्रेस करके, किसी को एक्स मनी के जरिए एक डॉलर भेजने की सुविधा जोड़ रहे हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस फीचर में भुगतान की पुष्टि कैसे होगी और इसे इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को किन शर्तों को पूरा करना होगा.

यह नया टिपिंग फीचर एलन मस्क के उस बड़े सपने का हिस्सा है, जिसके तहत वे X को एक ‘एवरीथिंग ऐप’ में बदलना चाहते हैं. इस एक ही प्लेटफॉर्म पर यूजर सोशल नेटवर्किंग, बातचीत और फाइनेंशियल सर्विसेज यानी पैसों के लेन-देन जैसी तमाम सुविधाओं का एक साथ फायदा उठा सकेंगे. यानी आने वाले समय में X सिर्फ चैट या पोस्ट करने की जगह नहीं, बल्कि पैसों के लेन-देन का भी बड़ा जरिया बनने वाला है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी का नया पेमेंट सिस्टम यानी X Money आधिकारिक तौर पर अमेरिका में लॉन्च कर दिया गया है. वहां के यूजर्स इसके जरिए आपस में पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं. इसके अलावा, ऑनलाइन या दुकानों पर पेमेंट करने के लिए नया X Visa डेबिट कार्ड भी पेश किया गया है. इस डेबिट कार्ड को Apple Pay से भी जोड़ा जा सकता है, जिससे कॉन्टैक्टलेस पेमेंट करना और भी आसान हो जाता है. हालांकि, इन सभी सुविधाओं का फायदा उठाने के लिए कुछ नियम और पात्रता शर्तें तय की गई हैं.
भारत में कब आएगा $1 टिपिंग फीचर?
फिलहाल X Money की शुरुआत सिर्फ अमेरिकी बाजार को ध्यान में रखकर की गई है. कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि इसे भारत जैसे देशों में कब लॉन्च किया जाएगा. भारत में पहले से ही UPI जैसी सर्विस के जरिए डिजिटल पेमेंट बहुत ज्यादा लोकप्रिय और आसान है. इस नए फीचर को दुनिया के बाकी देशों में कब लॉन्च किया जाएगा और इसके लिए क्या नियम होंगे, इसकी पूरी जानकारी अभी आना बाकी है.

