ABC News: इबोला वायरस ने देश में दस्तक दे दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद में संदिग्ध मरीज मिला है, जिसे क्वारंटाइन कर दिया गया है. प्रदेश के आरोग्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने इसकी जानकारी दी और बताया कि हाल ही में अमीरी लोकाला नामक 37 वर्षीय बैंककर्मी अफ्रीका के कांगो से मुंबई होते हुए वडोदरा आया था. उसे एहतियात के तौर पर अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में एकांतवास में रखा गया है. उसके संपर्क में आए 2 लोगों की जांच भी की गई है और अब तीनों की रिपोर्ट का इंतजार है.

सभी के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं, जिससे देश में इबोला वायरस के संभावित खतरे को लेकर चिंता बढ़ गई है. गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, यह कार्रवाई पूरी तरह सावधानी के तौर पर की गई है और फिलहाल किसी भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. स्वास्थ्य विभाग ने मामले पर कड़ी नजर रखते हुए सभी जरूरी प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को समय रहते नियंत्रित किया जा सके. स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, 37 वर्षीय कारोबारी करीब पांच से सात दिन पहले कांगो से मुंबई पहुंचा था. इसके बाद वह वडोदरा गया. उन्होंने बताया कि कारोबारी को बुखार आने के बाद वडोदरा के बैंकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाद में एहतियात के तौर पर उसे अहमदाबाद सिविल अस्पताल के इबोला वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया. मंत्री ने कहा कि भर्ती कारोबारी की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका तापमान नियंत्रण में है. साथ ही उसके संपर्क में आए लोगों में अभी तक कोई लक्षण दिखाई नहीं दिए हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी लोगों को 10 से 11 दिनों तक आइसोलेशन में रखा जाएगा. उनके ब्लड सैंपल पुणे जांच के लिए भेजे गए हैं. गौरतलब हो कि हाल ही में युगांडा की यात्रा कर लौटी एक महिला को एहतियात के तौर पर बंगलूरू स्थित सरकारी एपिडेमिक डिजीज हॉस्पिटल में आइसोलेशन में रखा गया था. संबंधित व्यक्ति ने शरीर में हल्के दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत उनका सैंपल जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेजा गया. अब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है और उसमें इबोला वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है.

