ABC News: कानपुर-उन्नाव हाईवे पर कनोडिया पेट्रोल पंप के सामने रविवार सुबह दो डंपरों की ऐसी टक्कर हुई कि जाम में फंसकर राहगीर बिलबिला उठे. तेज धूप की वजह से जाम में फंसकर लोग इतना परेशान हुए कि हर तरफ बेहाली नजर आयी.
बताया जा रहा है कि कानपुर-उन्नाव हाईवे पर रविवार सुबह कनोडिया पेट्रोल पंप के सामने दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद कानपुर की ओर करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. सुबह 9 बजे से ही सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क पर रेंगते नजर आए. दोनों जिलों की पुलिस ने यातायात सामान्य कराने की कोशिश की, लेकिन दोपहर तक हालात पूरी तरह काबू में नहीं आ सके.
दोपहर तक कानपुर से उन्नाव जाने वाली लेन पर भीषण जाम नजर आया. बताया गया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां पर करीब ढाई घंटे के बाद क्रेन से डंपरों को हाईवे से हटाया गया. इसके बाद ट्रैफिक धीरे-धीरे खुलना शुरू हुआ. इस दौरान कानपुर से उन्नाव की ओर जाने वाली लेन में छोटे व भारी वाहन फंसे रहे. होली की छुट्टी पर घर जाने वाले लोग तो और ज्यादा परेशान देखे गए.

