ABC News: देश के दक्षिणी राज्य केरल में एक बार फिर से निपाह वायरस दस्तक दे रहा है. स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दो लोगों में निपाह वायरस संक्रमण के संभावित लक्षण दिखने के बाद शुक्रवार को तीन जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. निपाह वायरस का प्रकोप राज्य पर लगातार देखा जाता रहा है, इन दो संभावित मामलों ने एक बार फिर से लोगों में डर बढ़ा दिया है.

अधिकारियों ने बताया कि कोझीकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में निपाह को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. कोझीकोड और मलप्पुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नियमित जांच के दौरान संदिग्ध मामलों की पहचान की गई. आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मामलों की पुष्टि हेतु सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. स्थिति का आकलन करने के लिए एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, हमने निपाह प्रोटोकॉल के अनुरूप निवारक उपायों को पहले ही मजबूत कर दिया है. केरल के सबसे प्रभावित रहे जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में 26 विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, लक्षणों की निगरानी और जनता बीमारी के लिए जागरूक करने की दिशा में काम कर रही हैं. मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस से मदद मांगी गई है. जिला कलेक्टरों को कंटेनमेंट जोन तैयार करने के लिए कहा गया है. अधिकारियों से यह भी आग्रह किया जा रहा है कि वे जांच करें कि क्या हाल के हफ्तों में कोई अप्राकृतिक या अस्पष्टीकृत मौतें हुई हैं? जो संभावित प्रकोप से जुड़ी हो सकती हैं. इससे पहले मई में भी केरल में निपाह के मामले रिपोर्ट किए गए थे. 8 मई को केरल के मलप्पुरम जिले में ही एक 42 वर्षीय महिला में निपाह वायरस के संक्रमण की पुष्टि की गई थी. मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया था. वहीं पिछले साल सितंबर में 24 वर्षीय एक युवक की निपाह संक्रमण से मौत हो गई थी. गौरतलब है कि केरल में साल 2018 से निपाह का प्रकोप नियमित अंतराल पर देखा जाता रहा है. इस संक्रामक रोग के बारे में सबसे चिंताजनक बात ये है कि इसकी मृत्युदर 45-75 फीसदी तक रही है, जो कोरोना जैसे गंभीर संक्रामक रोग से भी काफी ज्यादा है.

