ABC News: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, इसके बाद देश की कमान अब सेना के हाथों में है. बांग्लादेश की सेना ने प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपने पद से इस्तीफा देने के लिए 45 मिनट का अल्टीमेटम दिया था. उनके आवास में सैकड़ों प्रदर्शनकारी घुस गए. इसके बाद वो सैन्य हेलिकॉप्टर से भारत के लिए रवाना हुईं. इस बात की जानकारी प्रोथोम एलो डेली ने दी है.

सोमवार को 2:30 बजे शेख हसीना को लेकर सैन्य हेलीकॉप्टर बंगभवन से रवाना हुआ. उस समय उनकी छोटी बहन शेख रेहाना भी उनके साथ थीं. संबंधित सूत्रों ने बताया कि वे हेलीकॉप्टर से भारत के लिए रवाना हुईं हैं. वहीं, पड़ोसी मुल्क में इंटरनेट सेवा पूरी तरह से ठप है. पिछले महीने सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र समूहों की हिंसा से पड़ोसी देश को भारी नुकसान हो रहा है. यह झड़प रविवार सुबह उस समय और उग्र हो गई जब नौकरी में कोटा प्रणाली को लेकर हसीना के इस्तीफे की एक सूत्री मांग को लेकर स्टूडेंट्स अगेंस्ट डिस्क्रिमिनेशन के बैनर तले असहयोग कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रदर्शनकारियों को सत्तारूढ़ अवामी लीग, छात्र लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा. बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रोथोम अलो की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हुई झड़पों में 14 पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 101 लोग मारे गए. हिंसा के कारण अधिकारियों को मोबाइल इंटरनेट बंद करना पड़ा और अनिश्चित काल के लिए पूरे देश में कर्फ्यू लगाना पड़ा.

बांग्लादेश के कानून मंत्री अनिसुल हक का कहना है कि देश में स्थिति उथल-पुथल भरी है. मुझे नहीं पता कि मेरा क्या हो रहा है. इस बीच राजधानी ढाका सहित देशभर में सेना तैनात कर दी गई है. कर्फ्यू लागू है. इससे पहले सत्तारूढ़ अवामी लीग और मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी के शीर्ष नेतृत्व के बीच सेना हेडक्वार्टर में बड़ी बैठक हो रही है. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना भारत के लिए रवाना हो गई हैं. कहा जा रहा है कि शेख हसीना के साथ उनकी बहन भी हैं. शेख हसीना के बेटे ने देश के सुरक्षाबलों से आग्रह किया है कि वे संभावित तख्तापलट के प्रयासों को सफल नहीं होने दें. मुख्य विपक्षी पार्टी BNP के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं, जो सत्तारूढ़ अवामी लीग के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं.

