ABC News: बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री होने जा रही है. कहा जा रहा है कि वह जेडीयू की सदस्यता लेंगे. चर्चा है कि बिहार की नई सरकार में उन्हें डिप्टी सीएम का पद मिल सकता है.

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार शाम सीएम हाउस में विधायकों और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उनके राज्यसभा सदस्य बनने का फैसला प्रमुख मुद्दा बना. बैठक में कई विधायकों ने इस कदम का विरोध जताया, लेकिन नीतीश ने साफ लहजे में कहा कि वे राज्यसभा जा रहे हैं और वहां से सब कुछ निगरानी में रखेंगे. हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे. बैठक में उनके बेटे निशांत कुमार को राजनीतिक में लाने का बड़ा फैसला किया गया है, वो शनिवार, 7 मार्च को पार्टी जॉइन कर सकते हैं. बैठक के दौरान कई विधायकों ने मुख्यमंत्री से उनके बेटे निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग भी की. बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ विधायक भावुक भी हो गए और उन्होंने नीतीश कुमार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की. बैठक के दौरान सीएम नीतीश ने उपस्थित नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘मैं राज्यसभा जा रहा हूं, लेकिन आप सबको कोई परेशानी नहीं होगी. हम बिहार में ही रहेंगे, सारा काम सुचारू रूप से चलेगा. बिहार के विकास पर जोर दीजिए, हम नजर रखेंगे, चिंता न करें.’ हैरानी की बात ये थी कि जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा, मंत्री अशोक चौधरी व विजय चौधरी इस बैठक में मौजूद रहे, जबकि निशांत कुमार अनुपस्थित थे.

