ABC News: धनतेरस पर इस बार जब आप बिरहाना रोड में आएंगे, तो यह एक नई आभा बिखेरते हुए नजर आएगी. फूलबाग से या फिर नयागंज से इंट्री लेते ही जहां पर मकान ‘क्रीमी’ आभा बिखेरेगा, वहीं सूरज ढलते ही इसकी रंगत को रोशनी से नहाते हुए नजर आएगी. बिरहाना रोड को दमकाने का काम लगभग पूरा हो चुका है, बस अब इसे फिनिशिंग टच दिए जा रहे हैं.

इसको लेकर मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने अफसरों के साथ जायजा लिया. डीएम राकेश कुमार सिंह, केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन के साथ मौके पर पहुंचे कमिश्नर ने यहां पर कई चीजों को दुरूस्त करने के निर्देश दिए. अफसरों ने बताया कि धनतेरस पर बिरहाना रोड की ज्वैलरी मार्केट से लेकर मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स और खानपान की दुकानों में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में कानपुर की सबसे पुरानी बाजार नई रंगत में दिखेगी. यहां पर कुछ मकानों में रंगरोगन बचा हुआ है. इसके बाद फसाड लाइटिंग की जाएगी. बिरहाना रोड में मकानों में स़ड़क को पार करते हुए भी लाईटिंग लगाई जाएगी. धरतेरस पर यहां पर लगने वाली मूर्ति की दुकानों को भी व्यवस्थित किया जाएगा. इसके अलावा फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे भी हटवाएं जाएंगे.

ज्वैलर्स की शिकायत की गई
निरीक्षण के दौरान पार्षद विकास जायसवाल ने एक बड़े ज्वैलर्स की शिकायत की. उन्होंने मंडलायुक्त से बताया कि ज्वैलर्स ने तय सीमा से बाहर अपने विज्ञापन पट लगा रखे हैं. इसके अलावा अन्य कब्जे भी दिक्कत कर रहे हैं. इसी तरह एक ज्वैलर्स की और शिकायत मिलने पर खुद कमिश्नर ने उन्हें तय सीमा तक रहने के निर्देश दिए.

