ABC News: मणिपुर में सीआरपीएफ की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ ने जिरीबाम में मुठभेड़ के दौरान 11 उग्रवादियों को मार गिराया है. वहीं इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान के भी घायल होने की सूचना है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल तक एयरलिफ्ट किया गया है. सीआरपीएफ के सूत्रों के अनुसार, उग्रवादियों ने सीआरपीएफ की टीम पर हमला किया था, जिसके बाद ये मुठभेड़ हुई है.

इस मुठभेड़ से पहले मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव सिंह ने कहा कि वे राज्य में शांति और सामान्य स्थिति चाहते हैं. उन्होंने कहा कि यह बहुत चुनौतीपूर्ण समय है और वे इसे सर्वोत्तम संभव ताकत के साथ निपटने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, सोमवार सुबह मणिपुर के इम्फाल ईस्ट जिले में एक किसान उस वक्त घायल हो गया जब उग्रवादियों ने पास के पहाड़ी इलाकों से उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. यह हमला इम्फाल घाटी में काम कर रहे किसानों पर कुकी उग्रवादियों के लगातार तीसरे दिन हमला करने की घटना का हिस्सा था. सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और जवाबी कार्रवाई की. इसमें एक छोटी सी मुठभेड़ हुई. घायल किसान को यांगांगपोकपी पीएचसी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया और अब उनकी हालत स्थिर है.

