ABC News: बहराइच में विसर्जन जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी और गोलीबारी में युवक की मौत के बाद जारी प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार की सुबह आक्रोशित भीड़ ने हरदी, साधुवापुर, भगवानपुर और राजी चौराहे पर आगजनी की. आक्रोशित भीड़ ने हरदी चौराहे पर विभिन्न दुकानों के बाहर लगी होर्डिंग में आग लगा दी. वही, राजी चौराहे पर टायर में आग लगा दी जिसे दमकल वाहनों ने बुझाया.

भीड़ ने सधुवापुर चौराहे और भगवानपुर चौराहे पर भी उपद्रव किया और धाबली व छप्पर आदि को आग के हवाले कर दिया. जिसके बाद पहुंची पुलिस और पीएसी के जवानों ने मोर्चा संभाला और लाठी फटकार कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ा. प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं चौराहों के साथ गांवों में भी फैल रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं चौराहों के साथ गांवों में भी फैल रही है. कहा जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ ने चंदपईया और कबडियनपुरवा गांव में भी तोड़फोड़ और आगजनी की. जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

हालांकि, पुलिस प्रशासन के काफी समझाने के बाद परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार कर दिया. एहतियात के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. इसके पहले, महसी और महराजगंज के पूरे क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं होती रहीं. पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधि परिवार के संपर्क में रहे और उन्हें शव के अंतिम संस्कार के लिए मना लिया. इस बीच प्रशासन ने पूरी सख्ती दिखाते हुए रोड को पूरी तरह से खाली कर दिया. वहीं, इस घटना के बाद शासन एक्शन में है. सीएम योगी के निर्देश पर होम सेक्रेटरी संजीव गुप्ता एवं एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मौक़े पर पहुँचे. प्रशासन के अनुसार अब तक 30 उपद्रवी हिरासत में लिए जा चुके हैं. इस घटना पर काबू पाने के लिए 6 कंपनी पीएसी के साथ 4 एसपी रैंक के अफसर, दो एडिशनल एसपी, 6 सीओ, एक कंपनी आरएएफ को बहराइच भेज गया है. वहीं, सोमवार को महाराजगंज के दो बाइक शोरूम में आग लगा दी गई.

