ABC News: अमेरिका और इजरायल के साथ जारी जंग के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का पहला बयान आया है. उन्होंने गुरुवार को अपना पहला देश के नाम संदेश जारी किया. इस दौरान उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ‘होर्मुज स्ट्रेट बंद ही रहना चाहिए.’ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान मोजतबा खामेनेई खुद कैमरे पर नजर नहीं आए. उनके बयान को सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने पढ़ा.

बयान में खामेनेई ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का इस्तेमाल ताकत के रूप में किया जाना चाहिए और खाड़ी के अरब पड़ोसी देशों पर हमले जारी रहेंगे. पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच यह उनका पहला संदेश है. मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से दिखाई न देने पर कई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि उन्हें युद्ध के दौरान शुरुआती हमलों में चोटें आई थीं. शुरुआती अमेरिकी और इस्राइली हवाई हमलों में उनके पिता पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्य मारे गए थे. बयान में उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रता चाहता है और अब केवल अमेरिका के ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिस पर हमले जारी रहेंगे. मोजतबा खामेनेई ने देश से एकजुटता आह्वान किया और कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जाएगा, ताकि ईरान के दुश्मनों पर दबाव बनाया जा सके. उन्होंने कहा, हम अपने शहीदों के खून का बदला लेंगे. अपने संदेश में मोजतबा खामेनेई ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में मारे गए लोगों का बदला लेना ईरान की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, ‘हम अपने शहीदों के खून को व्यर्थ नहीं जाने देंगे, खासकर मिनाब में शहीद हुए लोगों और बच्चों की शहादत का बदला जरूर लिया जाएगा.’ उन्होंने देश की सेना का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने ईरान को विभाजित होने या कब्जे में जाने से बचाया. खामेनेई ने कहा, मैं बहादुर लड़ाकों का शुक्रगुजार हूं, जो उस समय बेहतरीन काम कर रहे हैं, जब हमारा देश दबाव और हमले का सामना कर रहा है. खामेनेई ने यह भी कहा कि ईरान आगे भी अपनी रक्षा करता रहेगा. यमन और इराक में सशस्त्र समूह ईरान का समर्थन कर रहे हैं. ईरान के नए सर्वोच्च नेता ने कहा कि जो लोग नुकसान झेल चुके हैं, उन्हें आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि घायल लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा और मौजूदा स्थिति को संभालते हुए प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी.

