ABC News: भारत सरकार ने 7 मई को अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर गुरुवार को एक बार फिर महत्वपूर्ण प्रेस ब्रीफिंग की. इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी, भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह शामिल रहीं. इस दौरान भारत ने स्पष्ट किया कि उसकी सैन्य कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उत्तेजक थी, जिसका उद्देश्य केवल सुरक्षा था, न कि युद्ध को बढ़ावा देना. विदेश सचिव ने ब्रीफिंग के दौरान तस्वीर दिखाकर पाकिस्तान की पोल खोली.

विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और पूर्व विदेश मंत्री ने माना है कि उनका आतंकी संगठनों के साथ कैसा रिश्ता है. उनकी छवि आतंक समर्थक की है. पाकिस्तान पहलगाम हमले की जांच की मांग कर रहा है, हम सभी को पाकिस्तान का इतिहास पता है. हम पहले भी आतंकी हमलों की जांच के सारे सबूत दे चुके हैं. मुंबई, पुलवामा, पठानकोट के हमलों को लेकर भी हमने सबूत दिए थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पाकिस्तान ने हमेशा आतंकियों का बचाव किया है. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि सात मई को केवल आतंकी शिविरों को ही निशाना बनाया गया. हमने किसी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया है. पाकिस्तान ने भारत के पुंछ में सिख गुरुद्वारे पर हमला किया. सिख समुदाय को निशाना बनाया. इसमें तीन लोगों की मौत हो गई. हम इसकी निंदा करते हैं. विदेश सचिव ने कहा कि वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में पाकिस्तान की प्रतिष्ठा कई उदाहरणों में निहित है. मुझे यह याद दिलाने की जरूरत नहीं है कि ओसामा बिन लादेन कहां पाया गया था और किसने उसे शहीद कहा था. पाकिस्तान बड़ी संख्या में संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों और कई देशों द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों का भी घर है. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत ने तनाव नहीं बढ़ाया है, जवाब दिया है. हर धर्म के लोगों ने पाकिस्तान की निंदा की है.

सिंधु जल संधि का भारत ने छह दशकों तक सम्मान किया है. इतने तनाव के बीच हमने धैर्य और सहनशीलता से संधि को बरकरार रखा है. जबकि पाकिस्तान हर समझौते की राह में रोड़ा बनता रहा है. सिंधु जल संधि में पाकिस्तान का कभी सहयोग नहीं रहा. हर हिमाकत का पाकिस्तान खुद जिम्मेदार होगा. पाकिस्तान प्रोपेगेंडा फैला रहा है. पाकिस्तान के जन्म लेते ही झूठ शुरू हो गया था. संयुक्त राष्ट्र से भी पाकिस्तान ने झूठ बोला. बाद में उनको मुंह की खानी पड़ी. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि यह अजीब है कि पाकिस्तान में नागरिकों के अंतिम संस्कार उनके राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे ताबूतों के साथ किए जा रहे हैं और राजकीय सम्मान दिया जा रहा है, जबकि मारे गए लोग आतंकी थे. आतंकियों को राजकीय अंतिम संस्कार देना पाकिस्तान में एक प्रथा हो सकती है, लेकिन यह हमारे लिए बहुत मायने नहीं रखती. कर्नल सोफिया ने बताया कि, गुरुवार को भारत के सीमावर्ती राज्यों के कई ठिकानों को निशाना बनाया था. जिसे नाकाम कर दिया गया था। इन हमलों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था. विंग कमांडर व्योमिका सिंह प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर बिना वजह ही गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है. कई जगहों पर मोर्टार का इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से किया जा रहा है. इन हमले में 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है.

