ABC News: बीते कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर होटलों और रेस्टोरेंट मालिकों की जो चिंता बढ़ी थी, उस पर अब विराम लगने वाला है. सरकार ने संकट को भांपते हुए न केवल अपनी रणनीति बदली है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है.

इन सबके बीच, घरेलू उपभोक्ताओं को कुकिंग गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत की तेल रिफाइनरियों ने लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) का उत्पादन करीब 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स में सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यह कदम केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद उठाया गया है. इस फैसले के बाद कुछ संगठनों द्वारा जताई जा रही एलपीजी आपूर्ति में कमी की आशंकाओं को काफी हद तक दूर करने में मदद मिली है. केंद्र सरकार के निर्देश के बाद उत्पादन बढ़ाने के इस कदम से संभावित आपूर्ति बाधित होने को लेकर उठ रही चिंताओं को कम करने में मदद मिली है. रिपोर्टस के अनुसार, सरकार ने घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग और अनियमितताओं को रोकने के लिए नए गैस सिलिंडर की बुकिंग के बीच प्रतीक्षा अवधि भी 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है. एलपीजी की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक में रसोई गैस की संभावित कमी से निपटने के उपायों पर चर्चा की गई.

