ABC News: रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के बाद पंजाब की मशहूर अभिनेत्री और सिंगर हिमांशी खुराना को गैंगस्टर जीशान अख्तर की ओर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

एक्ट्रेस हिमांशी खुराना को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिलने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि हिमांशी से फोन और ईमेल के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. इस मामले के बाद पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है. हिमांशी ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें शुक्रवार से लगातार जान से मारने की धमकी वाले ईमेल मिल रहे थे. ईमेल के साथ ऑडियो मैसेज भी भेजे गए थे, जिनमें पैसे की मांग की गई थी. पुलिस के अनुसार, हिमांशी को धमकी भरे ईमेल और ऑडियो मैसेज मिले, जिनमें भेजने वाले ने खुद को जीशान अख्तर बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की. जिसके बाद मोहाली पुलिस ने गैंगस्टर जीशान अख्तर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यह धमकी भरा कॉल चंडीगढ़ से आया था. इसमें हैरी बॉक्सर नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया जा रहा है. कॉल करने वाले ने न सिर्फ पैसों की मांग की, बल्कि हिमांशी की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी धमकी दी. बता दें, जीशान अख्तर का नाम पहले भी कई बड़े आपराधिक मामलों में आ चुका है. वह बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी रह चुका है और लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और एहतियात के तौर पर हिमांशी खुराना की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

