ABC News: फिल्म विवाह अगर किसी ने देखी हो तो उसे याद होगा कि किस तरह शादी की तैयारियों के बीच घर में आग से दुल्हन झुलस जाती है और फिर लड़का उससे अस्पताल में ही शादी करता है. कुछ ऐसा ही नजारा कानपुर में भी नजर आया, जहां पर आग में झुलसी युवती ने उसके मंगेतर ने अस्पताल में जाकर विवाह रचाया.
दरअसल, घाटमपुर के जगन्नाथपुर में पिछले दिनों लीकेज सिलेंडर की वजह से लगी आग में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए थे. सभी को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के जाजमऊ स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. लड़की के पिता को उसकी शादी की चिंता खाए जा रही थी. इस बात की सूचना जब दूल्हे विकास को लगी तो वह अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा और हर परिस्थिति में श्वेता का साथ निभाने की बात कही.
इसके बाद अस्पताल का बर्न वॉर्ड फूल मालाओं से सजाया गया. यहां पर श्वेता और विकास के बीच सभी वैवाहिक रस्में निभाई गईं. यह भावुक दृश्य देखकर अस्पताल स्टाफ और परिजनों की आंखें नम हो गईं. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दुल्हन की हालत में अब सुधार है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है.

