ABC News: अब Amazon Pay के जरिए UPI पेमेंट्स करना और भी ज्यादा आसान हो जाएगा. Amazon Pay ने UPI ट्रांजैक्शन के लिए एक नया बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर पेश किया है, जिससे ये भारत में फिंगरप्रिंट और चेहरे पर बेस्ड अप्रूवल देने वाला पहला पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर बन गया है. ये नया अपडेट यूजर्स को बिना PIN डाले कुछ UPI पेमेंट को ऑथराइज करने की सुविधा देगा, जिससे पेमेंट तेजी से होंगे. इसका मतलब है कि अब आप अपने चेहरे या अंगूठे के जरिए भी Amazon Pay का इस्तेमाल करते हुए UPI पेमेंट कर पाएंगे और इसके लिए चार अंकों वाले पिन को डालने की जरूरत नहीं रहेगी.

यह फीचर उन लोगों के बहुत काम आएगा जो जल्दी ऑनलाइन पेमेंट करना पसंद करते हैं या बार-बार PIN डालने के झंझट से बचना चाहते हैं. बता दें कि बायोमेट्रिक UPI को लॉन्च करने वाला Amazon Pay भारत का शुरुआती पेमेंट प्लेटफॉर्म बन गया है. अब अगर आप Amazon Pay के जरिए UPI पेमेंट करते हैं, तो आपको पिन डालने की जरूरत नहीं होगी. इसकी जगह आप अपने बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन यानी कि चेहरे या फिंगरप्रिंट के जरिए पेमेंट कर पाएंगे. बता दें कि सुरक्षा के लिहाज से इस फीचर को 5,000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन तक सीमित रखा गया है. कहने का मतलब है कि अगर आप 5,000 रुपये से कम की पेमेंट करते हैं, तो आपको पिन डालने की जरूरत नहीं रहेगी. वहीं अगर राशि 5000 से एक रुपया भी ज्यादा हुई, तो आपको अपना चार अंकों वाला पिन दर्ज करना पड़ेगा.
इस फीचर के बारे में Amazon ने बताया है कि शुरुआती टेस्टिंग में ही करीब 90% यूजर्स ने PIN की जगह बायोमेट्रिक ऑप्शन को चुना. ऐसे में आने वाले दिनों में इस फीचर की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है. बता दें कि UPI Biometric Authentication का मकसद “ट्रांजैक्शन फ्रिक्शन” को कम करना है, यानी कि पेमेंट के दौरान होने वाली छोटी-छोटी रुकावटों को हटाना. यह फीचर Send Money, Scan & Pay और ऑनलाइन मर्चेंट पेमेंट जैसे सभी बड़े मोड्स पर काम करेगा. सुरक्षा के लिहाज से भी यह फीचर काफी बेहतर है क्योंकि बायोमेट्रिक डेटा किसी और से शेयर नहीं किया जा सकता और न ही इसे कोई आप से चुरा सकता है. इसके अलावा, इस फीचर की वजह से फोन को एक हाथ से पकड़कर पेमेंट करना आसान हो जाएगा.
फिलहाल किन्हें मिलेगा फीचर?
फिलहाल यह फीचर सिर्फ एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध है और जो स्मार्टफोन्स फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक जैसे बायोमेट्रिक फीचर्स को सपोर्ट करते हैं, उन पर यह काम करेगा. जल्द ही Amazon इस फीचर को iOS यूजर्स को भी उपलब्ध करा देगा. PIN-फ्री UPI से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि पेमेंट का अनुभव भी ज्यादा सहज और सुरक्षित होगा. आने वाले समय में यह तरीका डिजिटल भुगतान का नया स्टैंडर्ड बन सकता है.

