ABC News: कानपुर आईआईटी में केमिकल इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर के छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी. बताया जा रहा है कि छात्र दो दिन से कमरे से बाहर नहीं निकला था, तीसरे दिन कमरे से बदबू आने पर साथी छात्रों ने पुलिस व आईआईटी प्रबंधन को जानकारी दी.

जानकारी के मुताबिक मूलरूप से हरियाणा का रहने वाले सतीश सैनी का बेटा धीरज सैनी (22) कानपुर आईआईटी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था. धीरज हॉस्टल नंबर एक के रूम नंबर 123 में रहता था. बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर उसके कमरे के पास से अन्य छात्र गुजरे तो दुर्गंध आई. आशंका होने पर छात्रों ने धीरज को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. इसके बाद जानकारी आइआइटी प्रशासन को दी गई. कल्याणपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई. अंदर से दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़ा गया तो पंखे से रस्सी के फंदे पर धीरज का शव लटका मिला.फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की, जिसके बाद उसके परिजन को जानकारी दी गई. पुलिस की शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि धीरज को 28 सितंबर के पास से किसी ने नहीं देखा था. कारण पूछने पर अन्य छात्रों से पता चला कि इन दिनों छुट्टियां थीं. इसीलिए किसी भी सहपाठी ने भी ध्यान नहीं दिया. सभी अपने-अपने कमरे में पढ़ाई करते रहे.

