ABC News: इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान जोस बटलर ने चैंपियंस ट्रॉफी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपना पद छोड़ दिया है. इंग्लैंड का प्रदर्शन चैंपियंस ट्रॉफी में काफी खराब रहा था और टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई थी. इंग्लैंड ने शुरुआती दोनों मैच गंवा दिए थे जिससे उसका सफर ग्रुप चरण में ही थम गया था. इंग्लैंड का सामना अब ग्रुप चरण के अंतिम मैच में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से होना है.

टूर्नामेंट में टीम का अंतिम मैच जोस बटलर का भी बतौर कप्तान अंतिम वनडे मैच होगा. चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम का भारत दौरा भी निराशाजनक रहा था. जोस बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 0-3 से वनडे सीरीज गंवाई थी. चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होने के बाद जोस बटलर पर दबाव अधिक बढ़ गया था. पहले से उम्मीद लगाई जा रही थी कि जोस बटलर कप्तानी छोड़ने का फैसला ले सकते हैं. शनिवार को इंग्लैंड के टूर्नामेंट में आखिरी मैच से पहले शुक्रवार को बटलर ने आधिकारिक रूप से कप्तानी छोड़ने का फैसला सुनाया. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैं इंग्लैंड क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने जा रहा हूं. यह मेरे और टीम के लिए सही फैसला है. उम्मीद है कि कोई दूसरा कप्तान ब्रेंडन मैकुलम के साथ इस टीम को वहां ले जाएगा जहां उसे जाना चाहिए. बटलर ने आगे कहा कि अभी भी दुख और निराशा की भावनाएँ हावी हैं. मुझे यकीन है कि समय के साथ यह सब बीत जाएगा और मैं अपने क्रिकेट का लुत्फ़ उठा पाऊंगा, और यह भी सोच पाऊंगा कि अपने देश की कप्तानी करना कितना बड़ा सम्मान है. जोस बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड क्रिकेट टीम से ऐसे लचर प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद टीम 5 विकेट से हार गई थी. दूसरे मैच में वह बड़े उलटफेर का शिकार हुई. अफगानिस्तान ने उसे 8 रनों से हराया था. इस हार के बाद ही इंग्लैंड क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हुई.

