ABC News: पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग 11 में शामिल नहीं करने पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे अच्छे गेंदबाज को सात दिन की छुट्टी के बाद बाहर बैठाने का फैसला गलत है. बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेला जा रहा है. इस मैच में टीम इंडिया तीन बदलावों के साथ उतरी है.

रवि शास्त्री ने स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा- ‘अगर आप भारत के रन पर नजर डालें तो यह बहुत ही महत्वपूर्ण टेस्ट मैच बन जाता है. आपने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच गंवाए हैं, आपने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी तीन मैच गंवाए. आप यहां पहला टेस्ट मैच हार चुके हैं और आप जीत की राह पर वापस लौटना चाहते हैं. आपके पास दुनिया का सबसे अच्छा तेज गेंदबाज है और आप उसे सात दिन के आराम के बाद बाहर बैठा देते हैं, इस पर यकीन करना बहुत मुश्किल है.’ टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले ही भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने बता दिया था कि इंग्लैंड दौरे पर बुमराह सिर्फ तीन मैच खेलेंगे. यह तय नहीं हैं कि वह किन तीन मैचों में खेलेंगे. पहले मुकाबले में तेज गेंदबाज ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हॉल हासिल किया था. यह उनके करियर का 14वां पांच विकेट हॉल था. बुधवार को गिल ने टॉस के बाद बताया कि बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करने के उद्देश्य से उन्हें आराम दिया गया है. टीम प्रबंधन के बुमराह को आराम देने के फैसले से शास्त्री खुश नहीं हैं. उन्होंने कहा- ‘यह बहुत महत्वपूर्ण मैच है, उन्हें एक हफ्ते की छुट्टी मिली है. मुझे थोड़ा आश्चर्य है कि बुमराह नहीं खेल रहे हैं. यह फैसला खिलाड़ी का नहीं होना चाहिए. कप्तान और मुख्य कोच को यह तय करना चाहिए कि 11 खिलाड़ियों में से किसे खेलना चाहिए. यह सीरीज के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण मैच है, उसे किसी भी अन्य चीज से ज्यादा इस खेल में खेलना चाहिए. लॉर्ड्स बाद में आ सकता है. यह महत्वपूर्ण खेल है जहां आपको लगभग सीधे जवाबी हमला करना होता है.’

