ABC News: भारत सरकार ने ऑनलाइन अश्लील सामग्री के प्रसार पर लगाम कसने के लिए 25 ओटीटी एप्स और वेबसाइट्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) को इन प्लेटफॉर्म्स की सार्वजनिक पहुंच रोकने का निर्देश दिया है यानी इन एप्स पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है. उल्लू टीवी, देसीफ्लिक्स से लेकर एकता कपूर के ALTT (ऑल्ट बालाजी) तक ऐसे तमाम ऐप्स पर सरकार ने बैन लगा दिया है.

रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय को ये पता चला कि ये एप्स और वेबसाइट्स आपत्तिजनक विज्ञापन और अश्लील कंटेंट प्रसारित कर रही थीं, जो कई भारतीय कानूनों का उल्लंघन कर रहा था. इसके बाद मंत्रालय ने इन सभी पर कार्रवाई करते हुए देश भर में एक्सेस ब्लॉक करने का आदेश जारी किया. इन सभी ऐप्स में सबसे ज्यादा मार्केट वैल्यू और इनवेस्टमेंट एकता कपूर की कंपनी की सब्सिडियरी के स्वामित्व वाले ऐप का था. इसके बंद होने पर एकता कपूर की कंपनी को करीब 900 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि एकता कपूर की कंपनी ने 2023-24 की अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स ने ओटीटी सब्सिडियरी एएलटी डिजिटल मीडिया एंटरटेनमेंट में 795 करोड़ रुपये का इनवेस्टमेंट किया था. ये सब्सिडियरी ओटीटी प्लेटफॉर्म ALTT का स्वामित्व रखती है और साथ ही इसका संचालन भी करती है. इस सब्सिडियरी को पहले ALT बालाजी के नाम से जाना जाता था. साल 2017 में इस प्लेटफॉर्म को लॉन्च किया गया था ताकि बालाजी टेलीफिल्म्स का विस्तार बिजनेस टू कन्ज्यूमर (B To C) सेगमेंट में किया जा सके. बालाजी टेलीफिल्म्स ने सिर्फ इनवेस्टमेंट ही नहीं किया, बल्कि इस सब्सिडियरी को 103 करोड़ रुपये का लोन भी दिया था. यानी एकता कपूर ने 898 करोड़ रुपये का खर्च किया था. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जिन OTT ऐप्स पर कार्रवाई की गई है, वो बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. ऐसे ऐप्स को मोबाइल से ज्यादा एक्सेस किया जा रहा था. ज्यादातर ऐप्स फ्री थे और सोशल मीडिया के जरिए उनका प्रमोशन किया जाता था. अब इनका कंटेंट नहीं देखा जा सकेगा क्योंकि सरकार ने मोबाइल ऐप्स और वेबसाइटों दोनों को बैन किया है. बैन के आदेश के बाद अब गूगल और ऐपल को अपने ऑनलाइन स्टोर्स से इन ऐप्स को हटाना होगा. प्ले स्टोर और ऐप स्टोर से ऐप्स को हटाया जाएगा. वेबसाइटों के यूआरएल ब्लॉक कर दिए जाएंगे.सरकार का कहना कि इन ऐप्स की वजह से बच्चों तक आसानी से अश्लील कंटेंट पहुंच रहा था. इससे उन पर गलत असर हो सकता था. सरकार की कार्रवाई के बाद ऐप्स चलाने वाली कंपनियों का क्या रुख रहता है. यह देखने वाली बात होगी. अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी ऐप मेकर की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है. यह कार्रवाई नए आईटी नियमों के तहत की गई है.

