ABC News: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर घिरा राजनीतिक संकट अब और गहराता जा रहा है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद 58 विधायकों की बगावत अब टीएमसी के संसदीय दल तक भी पहुंच गई है. तृणमूल कांग्रेस में टूट की अटकलों पर सोमवार को पार्टी की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने मुहर लगा दी है. सांसद काकोली घोष ने दावा किया है कि मेरे साथ टीएमसी के करीब 20 सांसदों ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि ये सांसद अलग पार्टी भी बना सकते हैं. बता दें कि इन दिनों ममता बनर्जी भी दिल्ली में ही हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस के 20 से अधिक सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है, जिसके बाद पार्टी के भीतर बगावत की अटकलें और तेज हो गई हैं. खबरों के अनुसार, ये सांसद एक अलग गुट या यहां तक कि एक नया राजनीतिक गुट बनाने पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि इसके लिए पर्याप्त संख्या मौजूद बताई जा रही है. वहीं काकोली घोष दस्तीदार ने बताया कि मेरे समेत टीएमसी के करीब 20 सांसदों ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि टीएमसी के 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर एनडीए के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा, “हमने बंगाल के चुनावी नतीजों को स्वीकार कर लिया है और हमारा मानना है कि हमारा भविष्य का राजनीतिक मार्ग एनडीए के साथ ही तय होना चाहिए.”
टीएमसी के सांसदों ने की अलग बैठक
दरअसल, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से ही टीएमसी में राजनीतिक उथल-पुथल जारी है. टीएमसी में बंगाल से शुरू हुई उथल-पुथल अब दिल्ली तक भी देखा जा रही है. टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंची हुई हैं. इसी दौरान टीएमसी के कुछ बागी सांसदों ने दिल्ली में एक गुप्त बैठक की. पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अनौपचारिक बैठक में लगभग 20 सांसद शामिल हुए. वहीं अब बताया जा रहा है कि 20 से अधिक सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र भी लिखा है.

