ABC News: कानपुर के घरों की छतों पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 172.06 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है. जिले के 53,382 घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं. योजना के क्रियान्वयन में कानपुर नगर प्रदेश में तीसरे स्थान पर है. लाभार्थियों को अब तक 432.18 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है.

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने विकास भवन सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की. सीडीओ ने निर्देश दिए कि जिले में रूफटॉप सोलर की मौजूदा गति को और बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए. बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कानपुर नगर को 42,684 सोलर प्लांट स्थापित करने का वार्षिक लक्ष्य दिया गया है. अप्रैल से सितंबर तक छह माह का लक्ष्य 21,342 था.इसके मुकाबले जिले में 25,035 सोलर प्लांट स्थापित किए गए. यानी निर्धारित लक्ष्य से 3,693 अधिक प्लांट लगे और जिले ने छह माह के लक्ष्य के सापेक्ष 117.3 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की. मासिक आंकड़ों में अप्रैल में 3,410, मई में 4,088, जून में 4,216, जुलाई में 4,757, अगस्त में 4,385 और सितंबर में 4,179 सोलर प्लांट स्थापित हुए,,, इनमें जुलाई में सर्वाधिक 4,757 प्लांट लगे. मई से सितंबर तक लगातार प्रत्येक माह जिले ने निर्धारित मासिक लक्ष्य से अधिक इंस्टॉलेशन किए.
एक नजर में आंकड़े
53,382 घरों में सोलर प्लांट स्थापित
172.06 मेगावाट कुल स्थापित सौर क्षमता
प्रदेश में तीसरा स्थान
432.18 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित
42,684 प्लांट का वित्तीय वर्ष 2026-27 का लक्ष्य
25,035 प्लांट अप्रैल से सितंबर के बीच स्थापित
117.3 प्रतिशत छह माह के लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि
1,30,764 टन कार्बन उत्सर्जन में अनुमानित कमी

