ABC NEWS: यूपी में योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को हो सकता है. कई विधायक मंत्री बनाए जा सकते हैं. इसमें बीजेपी, सुभासपा और रालोद से एक-एक मंत्री बनाया जा सकता है. शपथ ग्रहण मंगलवार को शाम पांच बजे हो सकता है. राजभवन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है. योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रिमंडल का यह पहला विस्तार होगा. सभी संभावित विधायकों को फोन पर बोला गया है कि आज लखनऊ में ही रहेंगे. ओपी राजभर, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार समेत चार को सीएम आवास से फोन आ चुका है. दोपहर 1 बजे तीनों को बुलाया गया है.
इससे पहले अटकलों के बीच सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है. ओपी राजभर का कहना है, ”हमें राजभवन या सीएमओ से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. हमें सिर्फ खबर मिली है कि शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा… कोई मांग नहीं. यह सीएम को तय करना है कि कौन सा विभाग किसे देना है।”वहीं पुरकाजी से विधायक अनिल कुमार को सीएम आवास से फोन आया है. उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी मिलेगी वह पूरी करूंगा. साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा को सीएम आवास से फोन आया.
योगी मंत्रिमंडल का विस्तार संभव, सुभासपा से राजभर
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में पिछड़े और दलित चेहरों को तरजीह दी जा सकती है. ओपी राजभर कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं. इसके अलावा बीजेपी से पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक यूपी में 5 मार्च को होने वाले मंत्रिमंडल के विस्तार में जिन लोगों की शपथ होने वाली है उसमें ओमप्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान शामिल हैं. आर एल डी अनिल कुमार पुरका जी से तीसरी बार विधायक और आरएलडी के गुड्डू चौधरी सादाबाद से विधायक है इनका नाम संभव है. अनिल कुमार पहले सपा से जुड़े थे और सपा ने ही इन्हें आरएलडी के सिंबल से लड़वाया था. भाजपा से भी एक-दो चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है.
रालोद से जाट चेहरे राजपाल बालियान की भी चर्चा है. बालियान रालोद के विधानमंडल दल में नेता भी हैं. रालोद से एमएलसी प्रत्याशी बनाए गए योगेश चौधरी का भी नाम चर्चा में है. सरकार में अभी 23 चेहरे अनारक्षित, 20 ओबीसी और 9 एससी-एसटी और एक मुस्लिम मंत्री हैं. विस्तार से ओबीसी व एससी-एसटी की भागीदारी और बढ़ेगी.
अनिल कुमार
अनिल कुमार ने पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद के सिंबल पर पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को हराया था. अनिल चुनाव से पहले सपा में थे. लेकिन रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़कर तीसरी बार विधायक चुने गए. । इससे पहले वह चरथावल सीट से बसपा के टिकट पर विधायक बने थे. 2012 के परिसीमन में पुरकाजी सीट बनी तो अनिल यहां से विधायक निर्वाचित हुए. पुरकाजी सुरक्षित सीट से विधायक अनिल कुमार मूल रूप से सहारनपुर के गांव तहारपुर के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह शहर के अंकित विहार में रह रहे हैं।
राजपाल बालियान
वहीं, रालोद से विधायक राजपाल बालियान को कैबिनेट और प्रदीप गुड्डू को राज्यमंत्री बनाने की चर्चा भी जोरों पर है.
दारा सिंह चौहान
दारा सिंह चैहान पूर्वांचल के कद्दावर नेताओं में से एक हैं. पिछड़े समाज के एक बड़े नेता के तौर पर उनकी पहचान है. उन्होंने राजनीतिक कैरियर का आगाज बसपा से किया था. सबसे पहले बसपा ने 1996 में उन्हें राज्यसभा भेजा. हालांकि,कार्यकाल पूरा होते-होते वह सपा में शामिल हो गए. इसके बाद 2000 में वो सपा से राज्यसभा सदस्य बने. 1963 को आजमगढ़ में जन्मे दारा सिंह चौहान ने 10वीं तक की पढ़ाई की है. दारा सिंह चौहान की पिछड़े समाज में मजबूत पकड़ को बसपा, सपा और बीजेपी ने भुनाने की कोशिश की.
ओपी राजभर
राजभर ने अपनी चुनावी राजनीति बहुजन समाज पार्टी से शुरू की थी. 1990 के दशक में वे बसपा के संस्थापक कांशीराम के काफी नजदीक माने जाते थे. 1996 में राजभर ने सबसे पहले वाराणसी के कोलअसला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन हारे. 2001 में उन्होंने BSP छोड़ दी थी. बसपा से निकलने के बाद राजभर ‘अपना दल’ में शामिल हुए. अक्टूबर 2002 में राजभर ने अपनी पार्टी बनाने का फैसला किया. अस्तित्व में आई भारतीय समाज पार्टी. 2007 में पार्टी के रजिस्ट्रेशन के दौरान ‘भारतीय समाज पार्टी’ नाम चुनाव आयोग के पास खाली नहीं था. इसलिए पार्टी ने अपने नाम में सुहेलदेव जोड़ा. और तब से पार्टी का नाम ‘सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी’ यानी सुभासपा है.
राज्यपाल के आगरा-मथुरा दौरे से मंगलवार दोपहर तक वापसी होने के चलते शपथ ग्रहण समारोह शाम पांच बजे रखा गया है. शपथ समारोह राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित होगा. योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों समेत 18 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्य मंत्री हैं. इस तरह मंत्रिमंडल के सदस्यों की कुल संख्या 52 है. बता दें कि पिछले कई दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. जिसके बाद बीजेपी के सहयोगी दलों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाक़ात कर मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय की थी.

