गौरव ने जीता कांस्य पदक
हरिद्वार के वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में चल रही कुश्ती प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने पदक तालिका में अपना खाता खोल दिया। पुरुषों के 67 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के लिए पहली सफलता हासिल की। गौरव ने पंजाब के हनीपाल को 4-2 से हराकर यह पदक जीता।
महिला वर्ग के प्रमुख मुकाबले
महिला वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में मध्य प्रदेश की शिवाली ने स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की चंचल को रजत और हरियाणा की विनीता को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, 62 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की कल्पना ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की भाग्यश्री ने रजत और हिमाचल की खुशी ठाकुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
67 किलोग्राम पुरुष वर्ग में कांस्य पदक गौरव के नाम
67 किलोग्राम भार वर्ग के पुरुष प्रतियोगिता में एसएससीबी के विनायक ने स्वर्ण पदक जीता, हरियाणा के अनिल ने रजत पदक हासिल किया। दिल्ली के अंकित और उत्तराखंड के गौरव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, हरिद्वार में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में जीत के लिए जोर आजमाइश करते खिलाड़ी।#NationalGamesUttarakhand #GreenGames#Haridwar#Sports pic.twitter.com/Nor2LtQIwp
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) February 10, 2025
87 किलोग्राम भार वर्ग के विजेता
87 किलोग्राम भार वर्ग पुरुष श्रेणी में दिल्ली के राहुल ने स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के सुमित को रजत पदक प्राप्त हुआ, जबकि एसएससीबी के शुभम और महाराष्ट्र के अक्षय ने कांस्य पदक हासिल किए।
97 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब के साहिल को स्वर्ण
97 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब के साहिल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दिल्ली के दीपक ने रजत पदक पर कब्जा किया। कांस्य पदक चंडीगढ़ के कुनाल और हरियाणा के प्रदीप कुमार ने प्राप्त किया।
महिला वर्ग के 68 किलोग्राम भार में कड़ी टक्कर
महिला वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में हिमाचल प्रदेश की सोनिका और पंजाब की राजदीप के बीच हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राजदीप विजेता रहीं। कर्नाटक की लीना ने महाराष्ट्र की शिवानी को हराकर जीत दर्ज की। हरियाणा की राधिका ने एसएससीबी की प्रियंका को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। उत्तर प्रदेश की कीर्ति ने तमिलनाडु की रोशनी को मात दी।
76 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात की सनोफार विजेता
76 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात की सनोफार ने केरल की अंजूमोल को हराकर मुकाबला जीता। चंडीगढ़ की दीपिका ने हिमाचल की जामवाल को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
हरियाणा की प्रिया ने उत्तराखंड की रजनी को हराया
हरियाणा की प्रिया ने उत्तराखंड की रजनी को हराकर अपने अभियान को आगे बढ़ाया। पुरुष वर्ग के 77 किलोग्राम भार वर्ग में राजस्थान के छगन ने जम्मू-कश्मीर के एस. सिंह को हराया। उत्तराखंड के पुष्कर ने चंडीगढ़ के कपिल को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली के सागर ने झारखंड के अमित को हराकर मुकाबला जीता।
सम्मान समारोह में विशेष अतिथि
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष श्रीमती पी.टी. उषा और जीटीसीसी की अध्यक्ष सुनैना ने पदक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए। इस अवसर पर खेल जगत के कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

