ABC NEWS: आज के समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं. यहां तक की देश की रक्षा में भी महिलाएं बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं और देशसेवा कर रही हैं. कुछ इसी तरह कैप्टन शिवा चौहान भी जिन्होंने अपना कारनामों से इतिहास रच दिया है. फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स अधिकारी कैप्टन शिवा चौहान सियाचिन ग्लेशियर पर कुमार पोस्ट के सबसे ऊंचे युद्ध के मैदान में सक्रिय रूप से तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गईं हैं.
भारतीय सेना के फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा गया, ‘फायर एंड फ्यूरी सैपर्स की कैप्टन शिवा चौहान दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र कुमार पोस्ट में सक्रिय रूप से तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं.’ कुमार पोस्ट में पोस्टिंग से पहले शिवा को कठिन प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा था.
सबसे ऊंचा युद्ध का मैदान है
सियाचिन ग्लेशियर धरती पर सबसे ऊंचा युद्ध का मैदान है, जहां भारत और पाकिस्तान के बीच 1984 से रुक-रुक कर लड़ाई होती रही है. सितंबर 2021 में सियाचीन ग्लेशियर पर विशेष रूप से विकलांग आठ लोगों की एक टीम ने 15,632 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुमार पोस्ट पहुंचकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था.
सियाचीन ग्लेशियर की सामने आई तस्वीर
फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल की ओर से दो तस्वीर भी शेयर की गई है. जिसमें एक तस्वीर में शिवा चौहान खड़ी हुईं नजर आ रही है तो दूसरी तस्वीर में वो अपने बाकी अधिकारियों के साथ नजर आ रही हैं. ग्रुप की तस्वीर के पीछे भारत का तिरंगा झंडा लगा हुआ है. तस्वीर में चारो तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है.

