ABC News: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पाकिस्तान के स्टार क्रिकेटर शोएब मलिक के तलाक की खबरों के बीच पाकिस्तानी अभिनेत्री आयशा उमर का नाम सामने आ रहा है. सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सानिया और शोएब ने अधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया है. हालांकि, इस पावर कपल ने अभी तक इस मामले पर अपनी चुप्पी साधी हुई हैं. इन सबके बीच एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस आयशा उमर के भी चर्चे हो रहे हैं, जिन्हें इस तलाक की वजह बताया जा रहा है.

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार शोएब और आयशा का अफेयर चल रहा है, जिस वजह से सानिया मिर्जा पाकिस्तानी बल्लेबाज से अलग हो गई हैं. हाल ही में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे पोस्ट किए थे, जिसके बाद अंदाजा लगाया जा रहा था कि उनके और शोएब के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. सानिया ने अपने बेटे के साथ एक तस्वीर शेयर की थी, जिस पर लिखा था- मुश्किल वक्त. इसके अलावा सानिया ने इंस्टा स्टोरी में लिखा था- टूटे दिल कहां जाते हैं? क्या अल्लाह को खोजते हैं. सानिया की इन पोस्ट के बीच आयशा उमर के साथ शोएब की रिश्ते की खबरें भी सामने आने लगी हैं. शोएब मलिक ने बेटे इजहान मिर्जा मलिक के जन्मदिन पर कुछ तस्वीरें शेयर की थीं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक संदेश भी लिखा था- जब आप पैदा हुए थे, हम और अधिक विनम्र हो गए थे और जीवन हमारे लिए कुछ खास था. हम भले ही साथ न हों और रोज मिलें, लेकिन बाबा हर पल आपके और आपकी मुस्कान के बारे में सोचते रहते हैं. अल्लाह आपको वह सब कुछ दे, जो आप मांगते हैं. सानिया मिर्जा ने अपने बेटे के जन्मदिन की तस्वीरें शेयर नहीं की थीं.

इंस्टाग्राम पोस्ट के अलावा शोएब मलिक से जुड़ा एक वाकया भी इनके रिश्ते पर सवाल उठाता है. पाकिस्तान में एक टीवी चैनल पर स्पोर्ट्स शो ‘द पवेलियन’ के हालिया एपिसोड में मलिक से सानिया मिर्जा की टेनिस अकादमियों के बारे में सवाल किया गया था. इस पर मलिक ने कहा था कि वह नहीं जानते कि उनकी अकादमी कहां हैं. मैं उन अकादमियों में कभी नहीं गया. इसने पैनल में मौजूद वकार यूनिस को आश्चर्यचकित कर दिया था. यूनिस को आश्चर्य हुआ और पूछा, “आप किस तरह के पति हैं?” शोएब मलिक और आयशा उमर का नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके एक पुराने बोल्ड फोटोशूट की तस्वीरें भी जमकर वायरल हो रही हैं. दरअसल, शोएब और आयशा का एक काफी बोल्ड फोटोशूट हुआ था, जिसकी तस्वीरें आयशा उमर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर की थी. शोएब से जब इन तस्वीरों पर सानिया की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया था. शोएब मलिक और आयशा उमर ने 2021 में एक बोल्ड फोटोशूट में एक साथ नजर आए थे. बाद में उसी के फोटोशूट के बारे में बात करते हुए शोएब मलिक ने एक इंटरव्यू के दौरान आयशा की जमकर प्रशंसा की थी और कहा कि उन्होंने उनकी शूटिंग के दौरान उनकी बहुत मदद की थी.

पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट समा टीवी के मुताबिक, शोएब मलिक ने कथित तौर पर सानिया मिर्जा को धोखा दिया है. सानिया ने शोएब मलिक के आयशा के साथ अफेयर की वजह से 12 साल की शादी को तोड़ने का फैसला लिया है. शोएब और सानिया ने 2010 में शादी की थी और तब से दुबई में रह रहे हैं. आयशा उमर एक पाकिस्तानी अभिनेत्री और यूट्यूबर हैं, जिनका जन्म 12 अक्टूबर 1981 को हुआ था. आयशा को पाकिस्तान में एक स्टाइल आइकन भी माना जाता है. उमर पाकिस्तान की सबसे लोकप्रिय और सबसे अधिक भुगतान पाने वाली अभिनेत्रियों में से एक हैं. 2012 में, उन्होंने अपना पहला सिंगल एल्बम ‘चलते चलते’ और ‘खामोशी’ रिलीज किया, जो पाकिस्तान में एक व्यावसायिक सफलता थी. उमर ने सर्वश्रेष्ठ एल्बम के लिए लक्स स्टाइल अवॉर्ड जीता था. उन्होंने 2015 में सफल रोमांटिक-कॉमेडी कराची से लाहौर के साथ मुख्य भूमिका में अपनी फिल्म की शुरुआत की. इसके बाद वार फिल्म यलगार (2017) और नाटक काफ कंगना (2019) में सहायक किरदार निभाए. बता दें कि सानिया मिर्जा और शोएब मलिक ने 2009 में सगाई की थी. इसके एक साल बाद उन्होंने 12 अप्रैल 2010 को शादी की थी. मलिक और मिर्जा ने हैदराबाद के ताज कृष्णा होटल में एक पारंपरिक हैदराबादी मुस्लिम विवाह समारोह में एक-दूसरे से निकाह किया था. सानिया मिर्जा ने इस साल जनवरी में अपनी रिटायरमेंट की घोषणा की. शोएब ने आखिरी बार नवंबर 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल खेला था. इसके बाद से वह पाकिस्तान टीम से बाहर हैं.

