ABC NEWS: मौसम विज्ञानियों का अनुमान सही साबित हुआ और कानपुर में बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है. मंगलवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं. सुबह से धूप नहीं निकली नहीं है। शहर के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश हो गई है. वहीं तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को ठंडक का अहसास कराया.
26 डिग्री तक आया तापमान
सोमवार से ही बारिश और तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। मंगलवार सुबह अधिकतम तापमान 26 डिग्री बना हुआ है. वहीं न्यूनतम तापमान 25 से गिरकर 23 डिग्री तक पहुंच गया है. 10.4 किमी. की गति से तेज हवाएं चल रही हैं.

5 दिनों तक बारिश के आसार
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार बने हुए हैं. हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर बारिश होती रहेगी. बीच-बीच में तेज धूप भी निकल सकती है. वहीं सोमवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड रोड सेफ्टी सीरिज में बारिश का असर कुछ देर के लिए रहा.
इस कारण से हो रही बारिश
मौसम विज्ञानी डा. सुनील पांडेय ने बताया कि धूप निकलने से गर्मी ऊपर की उठती है, हवा में नमी पहले से ही है. इससे ऊपर क्लाउड फॉर्मेशन हो रहे हैं. इसकी वजह से शहर में ही कहीं बारिश हो रही है और कहीं नहीं हो रही. बारिश के चलते तापमान में कमी आई है.
प्रयागराज, वाराणसी में बारिश के आसार ज्यादा
डा. पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके चलते दक्षिण पूर्वी नम हवा तेज गति से गंगा के मैदानी क्षेत्र में पहुंच रही हैं और बादलों का निर्माण कर रही हैं. इसके चलते बादल छाए हैं. प्रयागराज, वाराणसी और मिर्जापुर क्षेत्र में मध्यम बारिश हो सकती है. कानपुर, लखनऊ, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और बुंदेलखंड क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है.

