ABC NEWS: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी उम्र को लेकर दिए गए एक बयान की वजह से चर्चा में आ गए हैं. एक कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि हम 73 साल के हो गए हैं, जाने ही वाले हैं, हमें क्या? उन्होंने यह बात वैसे तो मजाकिया लहजे में कही, लेकिन सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है. मुख्यमंत्री ने तकनीक के आने वाली पीढ़ी पर पड़ने वाले प्रभाव पर बात करते हुए कहा कि ऐसा ही चलता रहा तो 100 साल में दुनिया खत्म हो जाएगी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार संग्रहालय स्थापना दिवस पर सोमवार को कहा कि सभी लोगों को आजकल नई चीज देखनी है. नई तकनीक आ गई है, तो सभी लोग उस पर निर्भर हो गए हैं. बाद में क्या होगा, सभी लोग निर्भर हो जाएंगे, तो 100 साल भी नहीं लगेगा धरती खत्म हो जाएगी. इसलिए सभी लोग अपने साथ कागज रखिए। तकनीक पर पूरी तरह निर्भर न रहिए.
सीएम नीतीश ने कहा कि तकनीक पर हर चीज निर्भर हो जाएगी. लोग कागज पर लिखना भूल जाएंगे और सब चीजें भूलते जाएंगे. ऐसा ही चलता रहा तो धरती खत्म होने में 100 साल भी नहीं लगेंगे. उन्होंने कहा, “एक ही बार में सबकुछ खत्म हो जाएगा. हम काहे के लिए क्या करें. हम तो 73वें साल में चल रहे हैं. हम तो जाने ही वाले हैं हमें क्या. आने वाली पीढ़ी के लिए ये सब कर रहे हैं.”
तेजी से बढ़ रहे जमीन हथियाने के मामले पर नीतीश चिंतित
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आजकल लोग हिंदी को भी खत्म कर रहे हैं. नई तकनीक आ गई है, बिजनेस करते हैं, सब अंग्रेजी में लिखते हैं. बिहार दुनिया की सबसे अच्छी जगह है, लेकिन लोग यहां की भाषा को ही खत्म करने में लगे हैं.

