ABC News: विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में आज का दिन यानी 24 दिसंबर, भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में बेहद खास बन गया. कुछ ही घंटों के भीतर एक के बाद एक ऐसे रिकॉर्ड बने, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. शुरुआत 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से हुई, जिन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया, लेकिन यह रिकॉर्ड ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका. उसी मैच में बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने इससे भी तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 32 गेंदों में शतक ठोक दिया और लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक अपने नाम कर लिया.
Watch 📽️
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) December 24, 2025
🚨 Record-breaking innings 🚨
𝗬𝗼𝘂𝗻𝗴𝗲𝘀𝘁 (14y & 272d) to score a 💯 in Men's List A cricket ✅
𝗙𝗮𝘀𝘁𝗲𝘀𝘁 1⃣5⃣0⃣ (59 balls) in Men's List A Cricket ✅
A marathon 190(84) by Vaibhav Sooryavanshi lights up Bihar's #VijayHazareTrophy 2025/26 opener against… pic.twitter.com/cu8SPQ9Y5I
अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप रहने के बाद वैभव पर सवाल उठे थे. फाइनल में 26 रन पर आउट होने और मैदान पर भावनात्मक प्रतिक्रिया के कारण उनकी मैच्योरिटी पर भी बहस हुई. लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में उनका बल्ला बोला और सारी आलोचनाओं को जवाब दे दिया. रांची में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार को तेज शुरुआत दिलाने वाले वैभव ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया.

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में बिहार की बल्लेबाजी पूरी तरह हावी नजर आई. पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 50 ओवर में छह विकेट पर 574 रन ठोक दिए, जो लिस्ट-ए क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. इस ऐतिहासिक पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी ने की, जिन्होंने 84 गेंदों पर 190 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे. वैभव के अलावा आयुष लोहारुका ने 56 गेंदों में 116 रन बनाए, जबकि पियूष सिंह ने 77 रनों का अहम योगदान दिया. हालांकि इस महाविस्फोटक स्कोर में सबसे ज्यादा सुर्खियां कप्तान सकीबुल गनी ने बटोरीं, जिन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर नाबाद 128 रन जड़े और 32 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 12 छक्के लगाए.

ईशान किशन ने भी बना डाला रिकॉर्ड
इसी दिन विजय हजारे ट्रॉफी के एक अन्य मुकाबले में भी रिकॉर्ड्स की बारिश देखने को मिली. झारखंड और कर्नाटक के बीच खेले गए मैच में झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ईशान ने मात्र 33 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे तेज शतकों में से एक है. उन्होंने 39 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 14 छक्के और 7 चौके शामिल थे. उनकी इस पारी के दम पर झारखंड ने 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 412 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. ईशान का 33 गेंदों में शतक लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे तेज शतक है. एक ही दिन में वैभव सूर्यवंशी, सकीबुल गनी और ईशान किशन के बल्ले से निकली इन ऐतिहासिक पारियों ने विजय हजारे ट्रॉफी को रिकॉर्ड्स का मैदान बना दिया.

सबसे कम उम्र में लिस्ट-ए शतक
14 साल और 272 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी पुरुषों के लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. इससे पहले ऐसा किसी भी पेशेवर वनडे टूर्नामेंट में नहीं हुआ था. वैभव सूर्यवंशी के लिए रिकॉर्ड तोड़ना नया नहीं है. वह भारत की ओर से सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक (58 गेंद) लगा चुके हैं. साथ ही 12 साल 284 दिन में रणजी ट्रॉफी डेब्यू कर रिकॉर्ड बनाया था. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 61 गेंदों में शतक जड़ दिया था. इसके अलावा वह आईपीएल नीलामी में उतरने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं. साथ ही आईपीएल खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने आईपीएल में 35 गेंद में शतक जड़ा था, जो कि आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज और भारतीयों में सबसे तेज शतक है. वैभव ने यूसुफ पठान (37 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा था. उनकी तुलना अब भारत के सबसे बड़े क्रिकेट सितारों से की जाने लगी है.

