ABC NEWS: जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में BBC डॉक्यूमेंट्री का विवाद अब बढ़ता दिख रहा है. यूनिवर्सिटी गेट पर प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जिनकी रिहाई की मांग पर छात्र अड़े हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने के बाद छात्र विरोध कर रहे थे जिन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
पंजाब यूनिवर्सिटी तक पहुंचा मामला
डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का मामला अब दिल्ली से आगे बढ़कर पंजाब तक पहुंच गया है. पंजाब यूनिवर्सिटी में NSUI ने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग शुरू कर दी मगर हाफ टाइम के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसे रोक दिया. नेशनल यूनियन स्टूडेंट्स ऑफ इंडिया (NSUI) ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है.
.@NSUIChandigarh organised a screenplay of the BBC Modi documentary at Panjab University. The state president and many students watched the truth about democracy killers. pic.twitter.com/8dm9JizzuF
— NSUI (@nsui) January 25, 2023
जामिया में टली स्क्रीनिंग
जामिया में फिलहाल डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग टल गई है. SFI का कहना है कि जबतक हिरासत में लिए गए छात्र रिहा नहीं किए जाते, तब तक डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग नहीं की जाएगी. बता दें कि SFI के 7 छात्र हिरासत में लिए गए हैं.
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है. वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना कि स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी. विश्वविद्यालय प्रशासन शांतिपूर्ण अकादमिक माहौल को तबाह करने में जुटे निहित स्वार्थ वाले लोगों और संगठनों को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एसएफआई ने शाम को छह बजे इस विवादित डॉक्यूमेंट्री को दिखाने का ऐलान किया था. इससे पहले एसएफआई के सदस्यों को हिरासत में लिया गया है.

एसएफआई की जामिया इकाई ने विश्वविद्यालय परिसर में एक पोस्टर भी जारी किया. इस पोस्टर के अनुसार, एससीआरसी लॉन गेट नंबर 8 पर शाम छह बजे यह विवादित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जानी थी. एसएफआई ने उसके सदस्यों को हिरासत में लिए जाने का विरोध जताया है.
एसएफआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग से पहले दिल्ली पुलिस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र और एसएफआई की जामिया इकाई के सचिव अजीज, जामिया के छात्र और एसएफआई के दक्षिण दिल्ली क्षेत्र के उपाध्यक्ष निवेद्य, जामिया के छात्र और एसएफआई के सदस्य अभिराम और तेजस को हिरासत में लिया. इस दौरान उनसे बुरा बर्ताव किया गया.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने बयान में कहा है कि संज्ञान में आया है कि एक राजनीतिक संगठन से जुड़े कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में इस विवादित डॉक्यूमेंट्री दिखाने को लेकर पर्चे बांटे हैं. डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी. इसे विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शित नहीं होने दिया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले एक पत्र जारी कर कहा था कि सक्षम प्राधिकारियों की अनुमति के बिना परिसर में छात्रों की सभा या बैठक अथवा किसी फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी.
जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि उक्त आदेश का किसी भी तरह का उल्लंघन होने पर आयोजकों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का कहना है कि एसएफआई की जामिया इकाई ने परिसर में बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को दिखाने का फैसला बहुत पहले लिया था. सनद रहे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी मंगलवार को इस विवादित डॉक्यूमेंट्री को दिखाने का आयोजन किया गया था. आयोजक छात्रों का दावा है कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग के मौके पर ही बिजली आपूर्ति काट दी गई और इंटरनेट भी बंद कर दिया गया था. छात्रों ने उन पर पथराव किए जाने की शिकायतें भी की.

