ABC News: तेज रफ्तार ने पीलीभीत जिले में रविवार को माता पिता सहित दो मासूम बच्चियों की जिंदगी छीन ली. हादसा बरखेड़ा में हुआ. ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि चारो की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया जबकि चालक फरार हो गया है. पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को पकड़ लिया गया है.
थाना बरखेड़ा क्षेत्र में ट्रक व मो0सा0 के मध्य सड़क दुर्घटना में मो0सा0 सवार 04 लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को पी0एम0 हेतु भेजा गया व ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। ASP @pilibhitpolice की बाइट। pic.twitter.com/tlFPAE5PHk
— Pilibhit Police (@pilibhitpolice) December 18, 2022
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव परेवा अनूप निवासी पीतमराम अपनी पत्नी ईश्वरी देवी तथा पांच वर्षीय बेटी नंदिनी व डेढ़ साल की रूबी को साथ लेकर बाइक से जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव सुसियार गए थे. वहां से पूरा परिवार साढू मुकेश कुमार के परिवार में एक मरीज को देखने चला गया. रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे पीतमराम बाइक से ही पत्नी और दोनों बच्चों के साथ वापस घर लौट रहे थे. पीलीभीत-बीसलपुर रोड पर बरखेड़ा कस्बे के निकट नोबल गन्ना क्रेशर के साथ अनाज लदे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए. ट्रक इन सभी को कुचलता हुआ आगे निकल गया. इससे मौके पर ही चारों लोगों की मृत्यु हो गई. राहगीरों ने हादसे की सूचना फोन से थाने पर दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. इस बीच चालक ट्रक छोड़कर भाग गया. राहगीरों के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन जब ट्रक का पहिया उसके सिर से लगा तो हेलमेट चकनाचूर हो गया. थाना प्रभारी उदयवीर सिंह के अनुसार दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

