ABC NEWS: बांग्लादेश के किशोरगंज में एक यात्री ट्रेन और मालगाड़ी के बीच सोमवार को जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह दुर्घटना राजधानी ढाका से लगभग 80 किलोमीटर दूर भैरब इलाके में हुई. स्थानीय मीडिया ने मौके पर मौजूद लोगों के हवाले से बताया कि यह हादसा बहुत ही भयावह था, ट्रेनों के टकराने की जोरदार आवाज सुनाई दी. अभी भी कुछ लोग ट्रेन के नीचे फंसे हुए हैं. ये लोग क्षतिग्रस्त डिब्बों के नीचे दब गए हैं. हालांकि, अग्निशमन सेवा कर्मी मौके पर पहुंच चुके हैं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, स्थानीय पुलिस अधिकारी सिराजुल इस्लाम ने मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है. घटनास्थल पर मौजूद लोग भी उन घायलों को बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं जो क्षतिग्रस्त बोगियों के नीचे दबे हुए हैं. ट्रेन एक्सीडेंट की जो तस्वीर सामने आई है उसे देखकर हासदे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह से पलटी हुई नजर आ रही है.

मालगाड़ी ने एगारो सिंधुर ट्रेन को पीछे से मारी टक्कर
अधिकारियों ने बताया कि हादसा स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:15 बजे हुआ. ढाका रेलवे पुलिस अधीक्षक अनवर हुसैन ने कहा, ‘प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि मालगाड़ी ने एगारो सिंधुर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी.’ भैरब के एक सरकारी ऑफिसर सादिकुर रहमान ने एएफपी को बताया कि हमने 15 शव बरामद किए हैं और कई घायल हैं. मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता है। मालूम हो कि बांग्लादेश में ट्रेन दुर्घटनाओं की खबर अक्सर सामने आती है. खराब सिग्नलिंग, लापरवाही, पुरानी पटरियों या अन्य जर्जर बुनियादी ढांचे के कारण यहां आए दिन ट्रेन दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसे लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में कई बार आगाह भी किया जा चुका है.

