बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. मुजरिया गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो में सवार छह लोगों की मौत हो गई. पांच लोग घायल हुए हैं। इसी दौरान पीछे से आ रही कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सभी को अस्पताल भिजवाया, जहां छह लोगों की मृत घोषित कर दिया गया.
नोएडा से लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक टेंपो सवार लोग नोएडा में काम करते थे. ये सभी लोग दिवाली मनाने के लिए टेंपो बुक कर वहां से घर लौट रहे थे. सुबह करीब सात बजे इनका टेंपो मुजरिया गांव के समीप पहुंचा. बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक ट्रैक्टर आ गया था, जिससे टेंपो टकरा गया।.इसी बीच पीछे से आई कार भी डिवाइडर से टकरा गई.
टेंपो के उड़े परखच्चे
ट्रै्क्टर की टक्कर से टेंपो के परखच्चे उड़ गए. चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग जुट गए. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है.

