ABC NEWS: UP के बरेली के नुसरत हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 7 दिसंबर को नुसरत की चाकू से गला काटकर हत्या की गई थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उड़द चोरी के विवाद में वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने नुसरत को पहले स्मैक (नशीला पदार्थ) सुंघाया इसके बाद चाकू से गला काट दिया. सिरौली पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और चाकू भी बरामद कर लिए हैं.
आरोपियों ने बताया कि उड़द चुराने की रंजिश में पहले स्मैक सुंघाया और फिर हत्या कर दी. सात दिसंबर को हरदासपुर के कब्रस्तान में नुसरत का शव मिला था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. मृतक के भाई इशरत ने गांव के ही टिंकू उर्फ तौसीव और दो अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया अरेस्ट
रविवार को इंस्पेक्टर क्राइम प्रमोद कुमार ने दरोगा सतवीर कांस्टेबल जफरुद्दीन, अरुण व सुमित के साथ कल्यानपुर चौराहे से टिंकू व साथी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू की भी बरामदगी कर ली गई है. वहीं, मृतक के घरवालों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
आरोपियों ने पुलिस को बताया
पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि नुसरत से कुछ दिन पहले उड़द चोरी की बात को लेकर विवाद हो गया था. तौसीफ ने योजना के तहत वारदात वाले दिन गांव के साथी मुकेश के साथ मिलकर नुसरत को बाइक पर बैठाकर ढाका के कब्रिस्तान में ले गया. यहां चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात में इस्तेमाल चाकू को सड़क किनारे आरोपियों ने झाड़ियों में छिपा दिया था. गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार, एसआई सतवीर सिंह, हेड कांस्टेबल जफरूद्दीन, कांस्टेबल सुमित सिंह और अरुण कुमार शामिल रहे.

