ABC NEWS: तीन दिन से हो रही वर्षा का असर कानपुर में सब्जियों की कीमतों पर दिखने लगा है. देसी टमाटर का दाम थोक बाजार में 30 रुपये से बढ़कर 35 से 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. इसकी वजह बेंगलुरु में हुई वर्षा को बताया जा रहा है. हरी सब्जियां भी महंगी होने लगी हैं, लेकिन बाजार के जानकार मान रहे हैं कि वर्षा बीतने के बाद सब्जियों के दाम एक बार फिर नीचे आएंगे.
चकरपुर सब्जी-फल थोक मंडी के थोक विक्रेता सरदार नीतू सिंह का कहना है कि बारिश की वजह से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं. इस वजह से दाम चढ़े हैं लेकिन दो-तीन दिन के अंदर दाम नीचे आने की उम्मीद है. काकादेव निवासी सुशील सोनकर कहते है कि पिछले सप्ताह तक टमाटर के दाम 30 रुपये प्रति किलो तक थे लेकिन तीन दिन से तेजी देखने को मिल रही है. दूसरी सब्जियां भी महंगी हो रही हैं.
वर्षा के बाद हर साल हरी सब्जियां सस्ती हो जाती हैं. सर्दी में भी सब्जियों के दाम कम ही रहते हैं, लेकिन पिछले तीन दिन से हो रही वर्षा की वजह से थोक मंडी में सब्जियों के दाम चढ़े हुए हैं. बाजार में जो सब्जियां पहुंच रही हैं वह रास्ते में भीगने की वजह से जल्दी खराब हो रही हैं. खराब होने वाली सब्जी की भरपाई व्यापारियों को दाम बढ़ाकर पूरी करनी पड़ रही है.
देशी टमाटर हुआ महंगा
थोक बाजार में इन दिनों देशी टमाटर से ज्यादा हाइब्रिड टमाटर की आपूर्ति हो रही है. देशी टमाटर की आवक बेंगलुरू से हो रही है. वर्षा के चलते बेंगलुरू से आने में भी टमाटर के खराब होने का प्रतिशत बढ़ गया है. देशी टमाटर अब 45 से 50 रुपये किलो की दर से थोक बाजार में बिक रहा है जबकि फुटकर बाजार में इसका मूल्य 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है. हाइब्रिड टमाटर भी थोक बाजार में 35 रुपये किलो तक बिक रहा है.

