ABC NEWS: सावन की विनायक चतुर्थी आज 21 जुलाई दिन शुक्रवार को है. यह श्रावण अधिक मास की विनायक चतुर्थी है. सावन माह में शिव परिवार की पूजा की जाती है, जिससे सबका कल्याण होता है. आज चतुर्थी का व्रत रखते हैं और दिन में विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की पूजा की जाती है. आज के दिन चंद्रमा को नहीं देखते हैं और न ही पूजा की जाती है. संकष्टी चतुर्थी व्रत में चंद्रमा को अर्घ्य देते हैं, विनायक चतुर्थी में वर्जित है. आज दोपहर से रवि योग बन रहा और रात में भद्रा लग रही है, जिसका वास धरती पर है. तिरुपति के ज्योतिषाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार भार्गव बता रहे हैं सावन विनायक चतुर्थी की पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि के बारे में.
सावन की विनायक चतुर्थी 2023 मुहूर्त
श्रावण अधिक मास शुक्ल चतुर्थी तिथि का प्रारंभ: आज, शुक्रवार, सुबह 06 बजकर 58 मिनट से
श्रावण अधिक मास शुक्ल चतुर्थी तिथि का समापन: कल, शनिवार, सुबह 09 बजकर 26 मिनट पर
विनायक चतुर्थी गणेश पूजा मुहूर्त: सुबह 11:05 बजे से दोपहर 01:50 बजे तक
लाभ-उन्नति मुहूर्त: सुबह 10 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 27 मिनट तक
अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: दोपहर 12 बजकर 27 मिनट से दोपहर 02 बजकर 10 मिनट तक
अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 12 बजकर 55 मिनट तक
रवि योग: दोपहर 01 बजकर 58 मिनट से कल सुबह 05 बजकर 37 मिनट तक
चंद्रोदय समय: सुबह 08 बजकर 29 मिनट पर
सावन की विनायक चतुर्थी 2023 अशुभ समय
भद्रा: रात 08 बजकर 12 मिनट से कल सुबह 05 बजकर 37 मिनट तक,
भद्रा का वास पृथ्वी लोक पर
राहुकाल: सुबह 10 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजकर 27 मिनट तक
सावन विनायक चतुर्थी व्रत और पूजा विधि
आज प्रात:काल में स्नान करके साफ कपड़े पहन लें. फिर सूर्य देव को जल से अर्घ्य दें. सावन विनायक चतुर्थी व्रत और गणेश पूजा का संकल्प करें. अब आप शुभ मुहूर्त में एक चौकी पर गणेश जी की स्थापना करें. गंगाजल से उनका अभिषेक करके वस्त्र, चंदन, फूल, माला, जनेऊ आदि से श्रृंगार करें.
इसके बाद गणपति महराज की पूजा अक्षत्, फूल, फल, धूप, दीप, गंध, पान का पत्ता, सुपारी, हल्दी, कुमकुम आदि से करें. गणेश जी को सिंदूर अर्पित करें. दूर्वा की 21 गांठ बना लें और उसे गणपति बप्पा को चढ़ाएं. अब लड्डू, मोदक आदि का भोग लगाएं.
तत्पश्चात गणेश चालीसा पढ़ें. विनायक चतुर्थी व्रत कथा सुनें. गणेश जी के बीज मंत्र या फिर ओम गं गणपतये नमो नम: मंत्र का जाप करें. यह सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाला गणेश मंत्र है. पूजा के अंत में घी के दीपक जलाएं और गणेश जी की आरती विधिपूर्वक करें.
गणेश जी से पूजा में हुई कमी और गलतियों के लिए क्षमा मांग लें. उसके बाद अपने मनोकामना की पूर्ति के लिए प्रार्थना करें.
प्रस्तुति : भूपेंद्र तिवारी

