ABC NEWS: पौष माह की पुत्रदा एकादशी व्रत आज 02 जनवरी दिन सोमवार को है. यह नए साल 2023 की पहली एकादशी है. आज के दिन भगवान नारायण की विधि विधान से पूजा करने और व्रत रखने से पुत्र की प्राप्ति होती है. मृत्यु के बाद व्यक्ति को मोक्ष भी मिलता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, राजा सुकेतुमान ने ऋषि मुनियों के बताए व्रत विधि के अनुसार पुत्रदा एकादशी व्रत और पूजन किया था, जिसके परिणाम स्वरूप उनको पुत्र की प्राप्ति हुई थी और जीवन के अंत में उन्हें मोक्ष भी मिला था. भगवान श्रीकृष्ण ने पुत्रदा एकादशी व्रत के महत्व के बारे में युधिष्ठिर को विस्तार से बताया था. काशी के ज्योतिषाचार्य चक्रपाणि भट्ट से जानते हैं पौष पुत्रदा एकादशी व्रत के शुभ मुहूर्त, योग, पारण, व्रत और पूजा विधि.
पौष पुत्रदा एकादशी व्रत मुहूर्त 2023
पौष शुक्ल एकादशी तिथि का प्रारंभ: 01 जनवरी, रविवार, शाम 07 बजकर 11 मिनट से
पौष शुक्ल एकादशी तिथि का समापन: 02 जनवरी, सोमवार, रात 08 बजकर 23 मिनट पर
साध्य योग: 02 जनवरी, सुबह से लेकर अगले दिन सुबह 06 बजकर 53 मिनट तक
शुभ योग: 03 जनवरी, सुबह 06 बजकर 53 मिनट से पूरे दिन
रवि योग: 02 जनवरी, सुबह 07 बजकर 14 मिनट से दोपहर 02 बजकर 24 मिनट तक
पौष पुत्रदा एकादशी व्रत पारण समय: 03 जनवरी, सुबह 07:14 बजे से सुबह 09:19 बजे तक
पौष शुक्ल द्वादशी तिथि का समापन: 03 जनवरी, रात 10 बजकर 01 मिनट पर
पौष पुत्रदा एकादशी व्रत और पूजा विधि
1. जो भी दंपत्ति पुत्र या संतान की कामना से यह व्रत रखना चाहता है, उसे आज प्रात: स्नान ध्यान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करना चाहिए. उसके बाद पौष पुत्रदा एकादशी व्रत और पूजन का संकल्प करना चाहिए.
2. आज के दिन आप फलाहार रखकर व्रत करेंगे. शुभ मुहूर्त में भगवान नारायण की मूर्ति को एक चौकी पर स्थापित करें. उसके बाद उनको पंचामृत स्नान कराएं. फिर उन्हें पीले वस्त्र अर्पित करें.
3. अब आप चंदन, माला, पीले फूल, अक्षत्, तुलसी के पत्ते, नैवेद्य, फल, मिठाई, दीप आदि अर्पित करते हुए पूजन करें. पूजा के समय ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का उच्चारण करें.
4. पूजा के समय विष्णु चालीसा, विष्णु सहस्रनाम और पौष पुत्रदा एकादशी व्रत का पाठ करें या इनका श्रवण करें. उसके पश्चात भगवान विष्णु की घी के दीपक से विधिपूर्वक आरती करें.
5. फिर पूजा में हुई गलतियों के लिए क्षमा प्रार्थना कर लें. उसके बाद भगवान नारायण से पुत्र प्राप्ति के लिए आशीर्वाद मांगें, ताकि आपकी मनोकामना पूर्ण हो.
6. रात्रि के समय में भगवत जागरण करें और अगले दिन सुबह स्नान के बाद पूजन करें. ब्राह्मण को अपनी क्षमतानुसार दान दाक्षिणा देकर विदा करें. फिर पारण समय में भोजन करके व्रत को पूर्ण करें.

