ABC News: सपा नेता मोहम्मद आजम खां की सल्तनत को नेस्तानाबूत करने वाले IAS आन्जनेय कुमार सिंह की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है. अब आन्जनेय तक पहुंचने वाले हर शख्स को पहले मेटल डिटेक्टर स्कैनिंग से होकर गुजरना होगा. इसके लिए आन्जनेय के ऑफिस के बाहर DFMD यानी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के साथ एक पुलिस टीम तैनात कर दी गई है.

बता दें कि आन्जनेय कुमार सिंह इस वक्त मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर हैं. 2019 में जब रामपुर में आजम खां के खिलाफ एक्शन का सिलसिला शुरू हुआ, उस वक्त आन्जनेय रामपुर के कलेक्टर थे. आन्जनेय के बारे में दी गई हेट स्पीच की वजह से आजम खां को तीन साल की सजा हुई है. जिसके बाद आजम खां की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी. इसके बाद से ही आन्जनेय कुमार सिंह सुर्खियों में हैं. कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह की सुरक्षा आजम के खिलाफ फैसला आने के तुरंत बढ़ाई गई है. 27 अक्टूबर को हेट स्पीच के मामले में सपा नेता मोहम्मद आजम खां को रामपुर MP-MLA कोर्ट से तीन साल की सजा हुई. इसके अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को आईएएस आन्जनेय की सुरक्षा बढ़ाने के लिए चिट्ठी जारी की गई. तय हुआ कि आन्जनेय से मिलने आने वाले सभी मुलाकातियों और फरियादियों की चेकिंग की जाएगी. इसके बाद कमिश्नर ऑफिस पर डीएफएमडी के साथ पुलिस टीम तैनात कर दी गई.

ये अप्रैल 2019 की बात है. सपा के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान और रामपुर के तत्कालीन डीएम आन्जनेय कुमार सिंह के बीच टकराव चरम पर पहुंच चुका था. डीएम के आदेश पर आजम के खिलाफ रामपुर के मिलक थाने में हेट स्पीच की FIR दर्ज हो चुकी थी. उसी दरम्यान रामपुर में अहम प्रशासनिक पदों पर बैठे 3 अफसरों ने अचानक एक चिट्ठी डीएम को लिखी. 15 अप्रैल 2019 को जब ये चिट्ठी डीएम आन्जनेय सिंह के पास पहुंची थी. डीएम को ये तीन भेजी गई थीं उस वक्त रामपुर के एडीएम प्रशासन रहे जेपी गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट सर्वेश गुप्ता और एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी की ओर से. तीनों चिटि्ठयों में एक ही बात लिखी थी- हमारे घरों की रेकी हो रही है, हमें और हमारी फैमिली को जान का खतरा है. इस चिट्ठी के बाद डीएम ने तीनों अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी थी.

