ABC NEWS: बिहार में जहरीली शराब कांड पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘जो पिएगा वो मरेगा’ वाले बयान पर बीजेपी जमकर हमलावर है. पूर्व डिप्टी सीएम एवं बीजेपी सांसद सुशील मोदी ने कहा कि जो पिएगा वो मरेगा तो क्या जो पलटी मारेगा वो राज करेगा? हम लोग पलटी मारने वालों को भी राज नहीं करने देने का संकल्प ले चुके हैं. सुशील मोदी ने आरोप लगाए कि अस्पतालों में सही व्यवस्था होती तो कुछ लोगों की जान बच सकती थी.
बीजेपी नेता सुशील मोदी शनिवार को सारण जिले के मशरक पहुंचे। यहां बरौली में उन्होंने जहरीली शराब पीने के बाद मरने वाले लोगों के परिवार वालों से मुलाकात की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला.
सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार कह रहे हैं जो पियेगा वो मरेगा, तो पलटी मारने वाले को भी राज नहीं करने देने का हम लोग संकल्प ले चुके हैं. जहरीली शराब कांड में मरने वाले लोगों की लाशों को जबरन जलाया गया. अस्पतालों में उचित व्यवस्था नहीं थी वरना कुछ लोगों की जान बच सकती थी. उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि लोगों को शवों का पोस्टमार्टम करवाने से डरवाया गया. बता दें कि जहरीली शराब पीने से बिहार में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें से करीब 75 मृतक अकेले छपरा से हैं.

